भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद गौतम गंभीर कोरोना वायरस का शिकार हो गए हैं। उन्होंने मंगलवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने साथ ही अपने संपर्क में आए लोगों से कोरोना टेस्ट करवाने की गुजारिश की है। बता दें कि इन दिनों देश में कोरोना संक्रमण के मामले बड़ी तादाद में आ रहे हैं। तीसरी लहर रफ्तार पकड़ चुकी है।
फिलहाल ऐसी है गंभीर की तबीयत
गंभीर ने बताया कि उनकी तबीयत फिलहाल सही है और सिर्फ मामूली लक्षणों से जूझ रहे हैं। उन्होंने अपने आधाकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, 'मामूली लक्षण उभरने के बाद मंगलवार को मुझमें कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई। मैं अपने संपर्क में आए सभी लोगों से कोरोना जांच कराने का आग्रह करता हूं।' मालूम हो कि गंभीर को बीते साल साल नवंबर में परिवार के एक सदस्य के संक्रमित होने के बाद आइसोलेट होना पड़ा था।
आईपीएल में नए रोल में दिखेंगे गंभीर
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को दो बार आईपीएल खिताब जिताने वाले गंभीर आईपीएल 2022 में नए रोल में नजर आएंगे। वह लखनऊ सुपर जायंट्स टीम के मेंटोर की भूमिका में होंगे। गंभीर ने मेंटोर बनने पर कहा था, 'मुकाबला जीतने का जज्बा अब भी मेरे अंदर बरकरार है, एक विजेता की विरासत छोड़ने की इच्छा अब भी मेरे अंदर चौबीस घंटे बनी रहती है।'
लखनऊ फ्रेंचाइजी ने आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन से पहले तीन खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ा है। लखनऊ टीम की कमान केएल राहुल को सौंपी गई गई। वहीं, ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस और स्पिनर रवि बिश्नोई भी लखनऊ की ओर से मैदान पर उतरेंगे। राहुल को 17, स्टोइनिस को 9.2 और बिश्नोई को 4 करोड़ रुपए में खरीदा गया है।

