भारत के पूर्व सेलेक्टर ने किया बड़ा दावा, बताया किस वजह से विराट कोहली ने कप्तानी छोड़ी होगी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 17, 2022, 06:57 PM IST

Why Virat Kohli quit test captaincy: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने आखिर अचानक टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला क्यों लिया। अब पूर्व भारतीय चयनकर्ता सबा करीम ने इसको लेकर बड़ा दावा किया है।

भारत के पूर्व सेलेक्टर ने किया बड़ा दावा, बताया किस वजह से विराट कोहली ने कप्तानी छोड़ी होगी
Photo Credit: AP

टीम इंडिया के लिए पिछला हफ्ता काफी हलचल भरा रहा। पहले तो भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज का पहला मैच जीतने के बावजूद 1-2 से सीरीज गंवा दी। फिर हफ्ता समाप्त होते-होते विराट कोहली (Virat Kohli) ने टेस्ट कप्तानी से इस्तीफा देकर सबको हैरान कर दिया। अब वो किसी भी प्रारूप में भारतीय टीम के कप्तान नहीं हैं। लेकिन सबके मन में ये सवाल लगातार बना हुआ है कि आखिर भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल टेस्ट कप्तान होने के बावजूद विराट कोहली को इस्तीफा क्यों देना पड़ा? अब पूर्व भारतीय सेलेक्टर सबा करीम (Saba Karim) ने इसको लेकर बड़ा दावा किया है।

विराट कोहली ने जब भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़ी तो इसकी वजह को लेकर तमाम कयास लगाए जाने लगे। विराट ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश के साथ कप्तानी को अलविदा कहा तो फैंस भी भावुक हो गए और किसी ने इसका ठीकरा बीसीसीआई पर फोड़ा तो किसी ने इसे भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत खराब फैसला करार दिया। वहीं पूर्व भारतीय चयनकर्ता सबा करीम का मानना है कि विराट कोहली ने इसलिए कप्तानी छोड़ी क्योंकि उनका दम घुटने लगा होगा।

उसका दम घुट रहा होगा..

'इंडिया न्यूज' से बातचीत करते हुए सबा करीम ने कहा, "ये कहना काफी मुश्किल है कि इसके पीछे की असल वजह क्या है। जो तस्वीर पिछले चार-पांच महीनों में हमने देखी है, उससे ये लगता है कि उस पर दबाव बढ़ता जा रहा था। उसका दम घुटने लगा होगा जिसकी वजह से उसने कप्तानी के साथ अपना रिश्ता खत्म करने का फैसला ले डाला।"

वो लड़ने से पीछे नहीं हटता था

सबा करीम ने आगे कहा, "विराट कोहली ऐसा आदमी है जो लड़ने से पीछे नहीं हटता है। मैं मानता हूं कि भारत ने दक्षिण अफ्रीका में सीरीज गंवा दी, जहां जीतने की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन वो हमेशा ऐसी चुनौतियों के लिए तैयार रहता है। ऐसा पहली बार हुआ है कि उसने खुद से अचानक इतना बड़ा फैसला लिया है।"

अब ये है चिंता की बड़ी वजह

पूर्व चयनकर्ता सबा करीम ने ये भी कहा कि असल चिंता का विषय अब ये भी है कि पिछले कुछ महीनों में भारतीय क्रिकेट में एक साथ कई बदलाव तेजी से हो रहे हैं। शुरुआत विराट द्वारा टी20 कप्तानी छोड़ने से हुई थी। सबा करीम ने कहा, "मैंने नहीं सोचा था कि अचानक से इतने सारे बदलाव होने लगेंगे। पहला झटका लगा जब कोहली ने खुद टी20 कप्तानी छोड़ने का फैसला ले लिया। उस समय भी ये चर्चा का विषय बना था क्योंकि फैसले की टाइमिंग अजीब थी, टी20 विश्व कप होने वाला था और टीम का चयन हुआ था, ऐसा फैसला लेना आश्चर्य में डालने वाला था।"

अब जहां वनडे और टी20 में रोहित शर्मा को विराट कोहली की जगह कप्तान बना दिया गया है, लेकिन टेस्ट टीम का नया कप्तान कौन होगा इस पर कोई भी आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!