चेतेश्‍वर पुजारा के बल्‍ले ने फिर उगली आग, तूफानी शतक जमाकर टीम को 400 के स्‍कोर पर पहुंचाया

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 23, 2022, 09:23 PM IST

Cheteshwar Pujara scores century against Middlesex: भारतीय टीम के टेस्‍ट स्‍पेशलिस्‍ट चेतेश्‍वर पुजारा का रॉयल लंदन वनडे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन जारी है। पुजारा ने टूर्नामेंट में अपना तीसरा शतक जमाया। पुजारा के शतक की मदद से ससेक्‍स ने मिडिलसेक्‍स के खिलाफ 400 रन का स्‍कोर बनाया।

चेतेश्‍वर पुजारा के बल्‍ले ने फिर उगली आग, तूफानी शतक जमाकर टीम को 400 के स्‍कोर पर पहुंचाया

होव: चेतेश्‍वर पुजारा का रॉयल लंदन कप में जलवा जारी है। ससेक्‍स के कप्‍तान चेतेश्‍वर पुजारा ने मंगलवार को मिडिलसेक्‍स के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए मौजूदा टूर्नामेंट में अपना तीसरा शतक पूरा किया। दाएं हाथ के बल्‍लेबाज ने काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन 2 में शानदार फॉर्म दिखाया था और इसी लय को सीमित ओवर क्रिकेट में बरकरार रखने में सफल हुए हैं। वारविकशायर और सरे के खिलाफ शतक जमाने के बाद पुजारा ने होव में मिडिलसेक्‍स के गेंदबाजों को अपना शिकार बनाया।

चौथी नंबर पर बल्‍लेबाजी करने उतरे पुजारा ने केवल 75 गेंदों में शतक जमाया। भारतीय बल्‍लेबाज ने टॉम अलसोप के साथ 240 रन की साझेदारी की। अलसोप टीम के सर्वश्रेष्‍ठ स्‍कोरर रहे, जिन्‍होंने 155 गेंदों में 19 चौके और पांच छक्‍के की मदद से नाबाद 189 रन बनाए। वहीं चेतेश्‍वर पुजारा ने 90 गेंदों में 20 चौके और दो छक्‍के की मदद से 132 रन बनाए। मैक्‍स हैरिस ने होल्‍डन के हाथों कैच आउट कराकर पुजारा की पारी का अंत किया। अलसोप और पुजारा की तूफानी शतकीय पारियों के दम पर ससेक्‍स ने निर्धारित 50 ओवर में 4 विकेट खोकर 400 रन बनाए।

पुजारा ने हाल ही में इंग्‍लैंड के घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय टेस्‍ट टीम में वापसी की थी। उन्‍होंने इंग्‍लैंड के खिलाफ बर्मिंघम में पांचवें टेस्‍ट में शिरकत की थी। इस मुकाबले में पुजारा ने क्रमश: दोनों पारियों में 13 और 66 रन बनाए थे। भारत को इस मुकाबले में सात विकेट की शिकस्‍त मिली थी। सौराष्‍ट्र के बल्‍लेबाज ने अब तक 96 टेस्‍ट और 5 वनडे में टीम इंडिया का प्रतिनिधित्‍व किया और 6792 व 51 रन बनाए। उन्‍होंने टेस्‍ट में 18 शतक और 33 अर्धशतक जड़े।

बहरहाल, पुजारा इस समय रॉयल लंदन कप में सबसे ज्‍यादा रन बनाने के मामले में दूसरे स्‍थान पर काबिज हैं। उन्‍होंने 8 मैचों में 102.33 की औसत और 116.28 के स्‍ट्राइक रेट से 614 रन बनाए हैं। इस दौरान दाएं हाथ के बल्‍लेबाज ने तीन शतक और दो अर्धशतक जमाए।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!