शहर

दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेसवे पर रफ्तार का कहर; यूट्यूबर अनुराग डोभाल बने हादसे का शिकार, ICU में भर्ती

गाजियाबाद के दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में प्रसिद्ध यूट्यूबर अनुराग डोभाल गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार में चल रही उनकी एसयूवी डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। फिलहाल उन्हें अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Image

अनुराग डोभाल गंभीर रूप से घायल (फोटो क्रेडिट: Instagram - anurag_dobhal)

Anurag Dobhal Accident: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हुए एक सड़क हादसे में जाने-माने यूट्यूबर अनुराग डोभाल गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को इस घटना की पुष्टि की। अनुराग डोभाल को टीवी रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के 17वें सीजन में हिस्सा लेने के बाद देशभर में खास पहचान मिली थी। पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना शनिवार रात मसूरी थाना क्षेत्र में हवा हवाई रेस्टोरेंट के पास हुई। घटना की सूचना पुलिस को 112 आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर पर मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की गई।

आईसीयू चल रहा है इलाज

पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) सुरेंद्र नाथ तिवारी से मिली जानकारी के अनुसार, जब पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा तब तक अनुराग डोभाल को उपचार के लिए सुभारती अस्पताल ले जाया जा चुका था। उन्होंने बताया कि बाद में आधी रात के करीब उनकी हालत को देखते हुए उन्हें मैक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। बताया जा रहा है कि, वर्तमान में अनुराग का इलाज अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में चल रहा है।

डिवाइडर से टकराई गाड़ी

सुभारती अस्पताल की मेडिकल सुपरिटेंडेंट प्रीति गोयल ने बताया कि अनुराग डोभाल को गंभीर स्थिति में अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है। जानकारी के मुताबिक देहरादून के रहने वाले अनुराग उस समय देहरादून से दिल्ली की ओर जा रहे थे, जब यह हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार उनकी एसयूवी ‘टोयोटा फॉर्च्यूनर’ दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कथित तौर पर करीब 150–160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी, इसी दौरान वाहन नियंत्रण खो बैठा और डिवाइडर से टकरा गया।

मानसिक उत्पीड़न को लेकर थे परेशान

मिली जानकारी के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पलटकर दूसरी लेन में जा पहुंचा। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में एसयूवी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आत्महत्या के प्रयास की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता और फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। वहीं, डोभाल के करीबी लोगों का दावा है कि दुर्घटना से कुछ समय पहले से ही वह मानसिक उत्पीड़न को लेकर परेशान होने की बात कर रहे थे।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article