Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के कूरेभार थाना क्षेत्र में रविवार को एक महिला का शव नहर के किनारे पेड़ से लटका हुआ मिला। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला ने कथित तौर पर फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि रविवार सुबह सूचना मिली थी कि मुंजेश नगर चौराहे के पास नहर के किनारे एक महिला पेड़ से लटकी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान
मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि महिला ने अपनी साड़ी से फंदा बनाकर पेड़ से लटककर आत्महत्या की थी। उसका आधा शरीर नहर के पानी के अंदर था, जबकि बाकी हिस्सा पानी के ऊपर दिखाई दे रहा था। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में महिला के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं।
मामले की जांच जारी
पूछताछ में यह भी सामने आया कि करीब 26 वर्षीय महिला की शादी लगभग सात साल पहले हुई थी और वह किसी पारिवारिक बात से नाराज होकर अपने ससुराल से निकल गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
पीलीभीत में विवाहिता के साथ मारपीट
वहीं, पीलीभीत शहर में एक विवाहिता के साथ मारपीट करने और उसे ‘तीन तलाक’ देकर घर से निकालने के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इस संबंध में पुलिस ने रविवार को जानकारी साझा की। पुलिस के अनुसार, पीलीभीत नगर कोतवाली क्षेत्र के हैदरी मस्जिद मोहल्ले में रहने वाले सलमान के खिलाफ उसकी पत्नी उमरा की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि शनिवार को सलमान ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की और उसे ‘तीन तलाक’ कहकर घर से बाहर निकाल दिया।
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि शादी के बाद से ही उसका पति सलमान, सास गोला, जेठ फिरोज और इमरान तथा ननद राहिन उसे लगातार प्रताड़ित करते आ रहे थे। शिकायत के मुताबिक, घटना के बाद उमरा अपने मायके चली गई थी, लेकिन वहां भी उसका पति पहुंच गया और उसके साथ दुर्व्यवहार करते हुए मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। पुलिस का कहना है कि पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि सलमान ने खुद को नुकसान पहुंचाकर इसका आरोप उसके परिवार पर लगाने की धमकी दी थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
(इनपुट - भाषा)
