Ahmedabad News: अहमदाबाद के निकोल इलाके में स्थित एक ज्वेलरी शोरूम में काम करने वाली महिला कर्मचारी पर करीब 1.11 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण चोरी कर फरार होने का आरोप लगा है। घटना 11 मई की शाम की बताई जा रही है। शोरूम संचालक की शिकायत पर निकोल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी महिला की तलाश शुरू कर दी है। जांच के दौरान CCTV फुटेज में महिला कर्मचारी कथित तौर पर शोरूम के कबाट से आभूषण निकालकर अपने कपड़ों में छिपाती दिखाई दी है। निकोल क्षेत्र के अनमोल सर्कल के पास ग्रेविटी शॉपिंग मॉल में स्थित "आभूषण" नामक सोना-चांदी के शोरूम के संचालक दर्शन शाह ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि उनके यहां कुल 19 कर्मचारी काम करते हैं। इनमें मैनेजर, सेल्समैन, मार्केटिंग स्टाफ, हेल्पर और सिक्योरिटी कर्मचारी शामिल हैं।
क्या है पूरा मामला?
करीब 11 महीने पहले हर्षिदा शेट्टी नाम की युवती मार्केटिंग और सेल्स स्टाफ के तौर पर शोरूम में नियुक्त हुई थी। FIR के अनुसार 11 मई 2026 को दोपहर करीब 2 बजे दर्शन शाह भोजन के लिए घर गए थे। उस दौरान शोरूम में मैनेजर और अन्य कर्मचारी मौजूद थे। शाम करीब 5 बजे जब वे वापस लौटे, तब एक ग्राहक को आभूषण दिखाने के दौरान स्टाफ सदस्य कंजीभाई को ट्रे में रखी एक सोने की लकी कम दिखाई दी। ग्राहक के जाने के बाद इस संबंध में शोरूम संचालक को जानकारी दी गई।
कैसे हुआ खुलासा?
जांच के दौरान पता चला कि कर्मचारी हर्षिदा शेट्टी शोरूम में मौजूद नहीं थी। अन्य कर्मचारियों ने बताया कि वह इमरजेंसी काम का हवाला देकर करीब साढ़े चार बजे निकल गई थी और कहा था कि उसने मालिक से अनुमति ले ली है। हालांकि शिकायतकर्ता के मुताबिक उन्होंने कोई अनुमति नहीं दी थी। इसके बाद शोरूम के CCTV कैमरों की जांच की गई। शिकायत के मुताबिक फुटेज में हर्षिदा शेट्टी शाम 4 बजे से 4:30 बजे के बीच अपनी सीट के पीछे बने कबाट से सोने के आभूषण निकालकर पैंट और कपड़ों के खिस्सों में रखती दिखाई दी। इसके बाद वह दूसरे माले पर स्थित स्टोर रूम में गई और अपनी बैग लेकर शोरूम से बाहर निकल गई।
चोरी हुए आभूषणों में क्या-क्या शामिल?
शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी महिला को फोन करने पर उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद शोरूम में रखे आभूषणों की विस्तृत जांच की गई, जिसमें अलग-अलग ट्रे और कबाट से बड़ी मात्रा में सोने के दागिने गायब मिले। पुलिस शिकायत के अनुसार चोरी हुए आभूषणों में सोने की चेन, लकी, अंगूठियां, घड़ियाल, बुट्टी, मंगलसूत्र और पेंडल शामिल हैं। कुल चोरी हुए आभूषणों का वजन 1211.991 ग्राम बताया गया है, जिसकी कीमत 1,11,88,437 रुपये आंकी गई है।
स्थानीय ज्वेलर्स की चिंता बढ़ी
आरोपी की पहचान हर्षिदाबेन राजेंद्रभाई शेट्टी निवासी वेदांत बंग्लोज, राधे-2 के सामने, निकोल, अहमदाबाद के रूप में की गई है। निकोल पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर मोबाइल लोकेशन, CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। घटना ऐसे समय सामने आई है जब हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोगों से एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील चर्चा में रही है। इसी बीच अहमदाबाद के इस शोरूम से करोड़ों रुपये के आभूषण चोरी होने की घटना ने स्थानीय ज्वेलरी कारोबारियों में भी चिंता बढ़ा दी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
