कानपुर के पॉश इलाके ग्वालटोली की वीआईपी रोड पर रविवार दोपहर हुई रोडरेज की घटना की चर्चा हर ओर हो रही है। दावा है कि रविवार दोपहर नशे में धुत शिवम मिश्रा ने न आव देखा न ताव अपनी रईसी के मद में चूर उसने अपनी रफ्तार के सामने एक के बाद एक लोगों को कुचल डाला। चश्मदीदों के मुताबिक, काली रंग की उसकी लैंबॉर्गिनी बेकाबू रफ्तार में आई और राह चलते लोगों को कुचलती चली गई। इस हादसे में छह लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामले में जांच की जा रही है, इस बीच रईसजादे शिवम मिश्रा को लेकर कुछ ऐसी जानकारियां सामने आई हैं जो चौकाने वाली हैं। पता चला है कि उसके पास कई महंगी और लग्जरी गाड़ियां हैं, इतना ही नहीं इन गाडियों का नंबर भी एक ही जैसा है, जो बेहद चौंकाने वाला है।
कौन है लोगों को कुचलने वाला शिवम मिश्रा?
इस हादसे में आरोपी शिवम मिश्रा कानपुर के जानेमाने कारोबारी के.के. मिश्रा का बेटा है। के.के. मिश्रा बंशीधर एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के मालिक हैं, जो कानपुर इलाके में गुटखा निर्माताओं को तंबाकू सप्लाई करती है। इलाके में उन्हें ‘तंबाकू किंग’ भी कहा जाता है। शिवम मिश्रा काफी लग्जरी लाइफ जीता है। सामने आया है कि वो हीरे से जड़ी घड़ी पहनता है, जिसकी कीमत ढ़ाईं करोड़ से ऊपर है। उसकी कई फोटो इंटरनेट पर वायरल हो रही हैं, जिनमें उसकी लग्जरी लाइफ देखी जा सकती है।
तंबाकू किंग के पास हैं 50 करोड़ की गाडियां
तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा का परिवार काफी रईस है। कानपुर के अलावा देश की राजधानी दिल्ली में भी उसका आलीशान घर है। इतना ही नहीं, उसके पास कई मंहगी और लग्जरी गाडियां जैसे Rolls‑Royce Phantom, McLaren, Porsche और हादसे में शामिल Lamborghini Revuelto हैं। मार्च 2024 में मिश्रा परिवार आयकर विभाग की जांच के दायरे में आया था। उस दौरान दिल्ली और कानपुर में कई ठिकानों पर छापे पड़े। छापेमारी में 50 करोड़ की लग्जरी गाड़ियां और करीब 4.5 करोड़ रुपये बरामद हुए थे। इसके अलावा कीमती आभूषण और महंगी घड़ियां, जिनमें कथित तौर पर ढाई करोड़ रुपये तक की हीरे जड़ी घड़ी भी जब्त की गई थीं।
सभी गाडियों पर एक खास नंबर की नंबर प्लेट
इस रईस कारोबारी को लेकर एक और भी चौंकाने वाली बास सामने आई है, वह यह कि उसकी सभी गाड़ियों पर एक ही खास नंबर '4018' की नंबर प्लेट लगी है। हालांकि ऐसा किसी अंधविश्वास या आस्था के कारण किया गया है, इसका पता नहीं चला है।
नंबर '4018' का क्या है राज?
तंबाकू किंग द्वारा एक ही नंबर की गाड़ियां यूज करने की कोई सटीक वजह तो नहीं पता चली है, लेकिन इंटरनेट पर सर्च करने पर पता चलता है कि अंकज्योतिष में '4018' को एक खास तरह का ‘एंजेल नंबर’ माना जाता है। भले ही यह बहुत प्रचलित एंजेल नंबर न हो, लेकिन कई वेबसाइटें इसके प्रतीकात्मक अर्थ बताती हैं। इनमें 4 को स्थिरता और मजबूत नींव, 0 को अनंत संभावनाओं और पूर्णता, 1 को नई शुरुआत और 8 को शक्ति या धन का प्रतीक माना गया है।
कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज रफ्तार कार ने पहले एक ऑटो-रिक्शा को टक्कर मारी। इसके बाद सड़क किनारे खड़ी एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर लगी, जिससे बाइक सवार करीब 10 फुट तक हवा में उछल गया। कार मोटरसाइकिल के अगले पहिये पर चढ़ गई और उसे कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गई। अंततः कार एक बिजली के खंभे से टकराकर रुकी, तब जाकर अफरा-तफरी थमी।
FIR दर्ज, लेकिन
पुलिस उपायुक्त (मध्य) अतुल कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, इस मामले में ‘अज्ञात व्यक्ति’ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। हालांकि, जांच में शिवम मिश्रा का नाम सामने आया है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के वक्त चालक नशे में था या नहीं, इस पर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही निकलेगा। घटना के वक्त की कड़ियां जोड़ने के लिए आसपास की दुकानों, चौराहों और रिहायशी इमारतों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घायलों और चश्मदीदों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। काली रंग की लैंम्बोर्गिनी को जब्त कर मैकेनिकल जांच के लिए भेज दिया गया है।
