शहर

बंगाल हार का UP में असर! मंत्री अनिल राजभर बोले-अखिलेश के बयान में दिख रहा डर

अनिल राजभर ने अपने बयान में सपा को घेरते हुए कहा कि ये डबल लेयर इलेक्शन माफिया की बात कर रहे हैं तो बताइये कि समाजवादी पार्टी से बड़ा इलेक्शन माफिया कौन है? बूथों पर कब्जा करने में आप जितना माहिर हैं आपको तो ट्रेनिंग स्कूल खोलना चाहिए।

Image

मंत्री अनिल राजभर -( @AnilRajbharbjp)

लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार में श्रम एवं रोजगार मंत्री अनिल राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। बुधवार को उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में इंडी गठबंधन की हार का असर अखिलेश यादव के चेहरे और बयान दोनों में साफ दिखाई दे रहा है। राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों क लेकर अभी से डरी हुई है। उनके अनुसार, हार की आशंका में सपा चुनावी संस्थाओं और प्रक्रियाओं पर सवाल खड़े कर रही है, जबकि जनता अब उनके पुराने राजनीतिक तौर-तरीकों को समझ चुकी है।

पश्चिम बंगाल में देखने को मिला नकली नैरेटिव का हश्र

अनिल राजभर ने बयान में कहा कि पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों ने विपक्षी गठबंधन को झटका दिया है और उसी का असर समाजवादी पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि हां, आज समाजवादी पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई है। पश्चिम बंगाल में जो करारी हार इंडी गठबंधन को मिली है उसका असर समाजवादी पार्टी के मुखिया के चेहरे पर साफ दिखाई दे रहा है। उस हार की बौखलाहट और फ्रस्ट्रेशन साफ हम लोग देख सकते हैं। ये बौखलाहट क्यों है, क्योंकि 2027 के विधानसभा चुनाव में अपनी हार देख रहे हैं। नकली नैरेटिव का हश्र क्या होता है ये पश्चिम बंगाल में देखने को मिला है। अब तो नकली नैरेटिव भी साहब नहीं गढ़ सकते।

अनिल राजभर ने अपने बयान में सपा को घेरते हुए कहा कि ये डबल लेयर इलेक्शन माफिया की बात कर रहे हैं तो बताइये कि समाजवादी पार्टी से बड़ा इलेक्शन माफिया कौन है? बूथों पर कब्जा करने में आप जितना माहिर हैं आपको तो ट्रेनिंग स्कूल खोलना चाहिए। 2017 चुनाव से पहले आपने कैसे वोटर लिस्ट से नाम कटवाया मतदाताओं का, ये पूरा उत्तर प्रदेश और देश जानता है। इसलिए डबल लेयर इलेक्शन माफिया की बात न करें आप। आपका गुंडाराज, आपके संरक्षण में पलने वाले गुंडे माफिया कैसे माताओं-बहनों के सम्मान पर खतरा थे ये किसी से छिपा नहीं है, इसलिए जनता अब जाग गई है।

UP में तीसरी बार बनेगी भाजपा की सरकार-राजभर

राजभर के अनुसार, पश्चिम बंगाल में जो चुनाव का परिणाम आया है उसको स्वीकार करिए। उन्होंने सपा और अखिलेश यादव को नसीहत दी कि जनादेश का आदर करना सीखिए और बेवजह का आरोप-प्रत्यारोप करके जनादेश का मजाक न उड़ाइये। उत्तर प्रदेश की जनता बहुत अच्छे तरीके से जानती है। जब से परिणाम आया है पश्चिम बंगाल का तब से समाजवादी पार्टी जिस तरह से बौखलाई हुई है, उनको पता है कि प्रधानमंत्री मोदी जी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश की योगी जी की सरकार ने जो जनता की सेवा की है और उसकी स्वीकार्यता जो जनता के दिल-दिमाग में है, और निश्चित तौर पर लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार उत्तर प्रदेश में बनेगी।

इसे कोई रोक नहीं सकता और इसी बात का फ्रस्ट्रेशन है जो आज अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके चेहर पर साफ दिखाई दिया है। बयान के जरिए उन्होंने विपक्ष से चुनाव परिणामों को स्वीकार करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर अनावश्यक सवाल न उठाने की नसीहत भी दी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article