शहर

सेक्युलरिज्म के नाम पर पूर्व की सरकारों ने धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत का किया नुकसान, योगी सरकार में पर्यटन को मिली पहचान - मंत्री जयवीर सिंह

Viksit Bharat Samriddh UP Conclave 2026 : उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने आज टाइम्स नाउ नवभारत के मंच से बताया कि यूपी बेहतर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था के कारण यूपी देश का अग्रणी पर्यटन राज्य बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने कथित सेक्युलर सोच और वोट बैंक की राजनीति के कारण सांस्कृतिक और धार्मिक स्थलों की उपेक्षा की।

Viksit Bharat Samriddh UP Conclave 2026 UP Tourism Minister Jaiveer Singh

विकसित भारत-समृद्ध उत्तर प्रदेश कॉन्क्लेव में बात करते पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह

Viksit Bharat Samriddh UP Conclave 2026 : उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने 17 फरवरी मंगलवार को राजधानी लखनऊ में आयोजित टाइम्स नाउ नवभारत के विकसित भारत-समृद्ध उत्तर प्रदेश कॉन्क्लेव में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने पर्यटन के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की सहभागिता पर बात की। कहा कि उत्तर प्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत आज राज्य की सबसे बड़ी पहचान और पर्यटन आकर्षण बन चुकी है। बेहतर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था के कारण यूपी देश का अग्रणी पर्यटन राज्य बनकर उभरा है। दावा किया कि एक वर्ष में विभिन्न आयोजनों के दौरान 13.7 करोड़ से अधिक पर्यटक राज्य में पहुंचे, जो सरकार की नीतियों का परिणाम है।

मंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों सपा-बसपा पर आरोप लगाया कि उन्होंने कथित सेक्युलर सोच और वोट बैंक की राजनीति के कारण सांस्कृतिक और धार्मिक स्थलों की उपेक्षा की। वर्तमान सरकार ने इन स्थलों के संरक्षण और विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार केवल धार्मिक पर्यटन को नहीं बढ़ा रही, बल्कि ईको-टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म जैसे विविध पर्यटन सर्किट भी विकसित किए जा रहे हैं।

गांवों में होमस्टे विकसित करने के लिए मिलेगा सब्सिडी

उन्होंने 'रूरल टूरिज्म एंड होमस्टे पॉलिसी 2022' का उल्लेख करते हुए बताया कि गांवों में होमस्टे विकसित करने के लिए सब्सिडी दी जा रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। सांस्कृतिक पुनरुत्थान के प्रयासों के तहत ग्राम पंचायतों को लोक संगीत वाद्ययंत्र किट वितरित की गई हैं, ताकि पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों को पुनर्जीवित किया जा सके।

मंत्री ने अयोध्या में आयोजित भव्य दीपोत्सव और वाराणसी की देव दीपावली का जिक्र करते हुए कहा कि इन आयोजनों ने लोगों को त्योहारों के आध्यात्मिक स्वरूप से दोबारा जोड़ा है। उन्होंने कहा कि महाकुंभ जैसे आयोजनों से राज्य को तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है, जो उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है। वर्ष 2047 तक एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य में पर्यटन की अहम भूमिका होगी।

मंत्री ने बताया कि प्रदेश में 2,000 से अधिक मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया गया है। साथ ही सभी 75 जिलों में जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषदों की स्थापना की गई है, जिससे स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने ताजमहल के निकट शिवाजी संग्रहालय के निर्माण और आगरा किला में लाइट एंड साउंड शो शुरू करने की जानकारी दी। उनका कहना था कि सरकार आक्रमणकारियों के बजाय राष्ट्रीय नायकों के इतिहास को प्रमुखता दे रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

टाइम्स नाउ नवभारत  डिजिटल
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article