वाराणसी : वाराणसी पुलिस ने 'I LOVE MUHAMMAD' प्रकरण में शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस के निशाने पर वो लोग हैं, जो धार्मिक भावनाएं भड़काने की फिराक में हैं। दालमंडी इलाके में बिना अनुमति जुलूस निकालने और नारेबाजी करने के आरोप में चौक पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही दस अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
दालमंडी से निकाला गया था जुलूस
एसीपी दशाश्वमेध के अनुसार दालमंडी इलाके का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। इस वीडियो में कुछ युवक हाथों में 'आई लव मुहम्मद' की तख्ती लेकर नारेबाजी कर रहे हैं। सीसीटीवी और स्थानीय लोगों की जानकारी के आधार पर पुलिस ने नारेबाजी कर रहे चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज करने के साथ ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त
वाराणसी में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस का एक्शन ताबड़तोड़ जारी है। पुलिस अब तक 75 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर चुकी है। सिगरा, दशाश्वमेध के बाद लोहता इलाके में बिना परमिशन जुलूस निकालने पर पुलिस कार्रवाई कर चुकी है। लोहता इलाके में तो प्रदर्शनकारियों ने सर तन से जुदा होने के नारे भी लगाए थे। शहर के माहौल को देखते हुए पुलिस अलर्ट है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। काशी विश्वनाथ मंदिर सहित घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
