Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के गड़वार क्षेत्र में स्कूल जा रही 11वीं कक्षा की एक छात्रा के साथ उसी के स्कूल के 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र ने कथित रूप से दुष्कर्म किया। बताया जा रहा है कि आरोपी रिश्ते में किशोरी का चाचा और पड़ोसी है। किशोरी के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
नाबालिग चाचा ने किया दुष्कर्म
सूत्रों ने बुधवार को बताया कि गड़वार थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली, 11वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा 22 सितंबर को साइकिल से स्कूल जा रही थी तभी रास्ते में उसके स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाला छात्र, जो रिश्ते में किशोरी की चाचा लगता है, मिल गया। वह किशोरी को बहला—फुसलाकर अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर एक सुनसान जगह पर बने कमरे में ले गया और उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया।
न्यूज एजेंसी पीटीआई भाषा के अनुसार, आरोपी पीड़िता किशोरी को रतसड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास छोड़ा और किसी न कहने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर परिजनों ने किशोरी को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से उसे जिला महिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। बच्ची की स्थिति को देखते हुए जिला महिला अस्पताल से उसे आजमगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
पुलिस हिरासत में आरोपी
थाना प्रभारी राजेश बहादुर सिंह ने बताया कि मंगलवार की शाम किशोरी स्वस्थ होने पर अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची और लिखित शिकायत दी। उन्होंने बताया कि किशोरी की तहरीर पर 17 वर्षीय आरोपी छात्र के खिलाफ बलात्कार व जान से मारने की धमकी देने के आरोप और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की सुसंगत धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। सिंह ने बताया कि किशोरी और आरोपी पड़ोसी हैं और आरोपी किशोरी का रिश्ते में चाचा है। पुलिस उपाधीक्षक मोहम्मद उस्मान ने बताया कि पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
(इनपुट - भाषा)
