Sigra-Gurudham Fourlane: शहर में आवागमन को और बेहतर बनाने के लिए पीडब्ल्यूडी ने एक और सड़क को चौड़ी कर फोरलेन बनाने की तैयारी कर ली है। सिगरा से गुरुधाम चौराहा तक की सड़क चौड़ी होगी। पीडब्ल्यूडी के मुताबिक सिगरा से रथयात्रा, कमच्छा, भेलूपुर पानी टंकी होकर जवाहर नगर, चेतमणि चौराहे से गुरुधाम चौराहा तक फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। यह सड़क 3.50 किलोमीटर लंबी है, जिसे फोरलेन बनाने के लिए 400 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
दरअसल, अप्रैल में होने वाले जी-20 सम्मेलन को लेकर सड़कों के सुंदरीकरण पर जोर दिया जा रहा है। मेहमानों एवं आम लोगों को आवागमन में कोई असुविधा नहीं हो, इसलिए सड़कों से जुड़ीं योजनाएं बनाई जा रहीं हैं। पीडब्ल्यूडी ने मंडलायुक्त को सिगरा-गुरुधाम फोरलेन सड़क को लेकर प्रेजेंटेशन भी दिखाया है। इसमें बताया गया है कि फोरलेन की दोनों तरफ नाली, यूटिलिटी डक्ट बनाए जाएंगे। डिवाइडर पर फूलदार पौधे लगाए जाएंगे।
