वाराणसी

बलिया में करंट की चपेट में आने से दो बहनों की मौत, लापरवाही के कारण हुआ हादसा, बिजली विभाग के 2 अधिकारियों पर मामला दर्ज

Ballia News: बलिया के सुखपुरा क्षेत्र में बुधवार को करंट की चपेट में आने से स्कूल से घर लौट रही दो बच्चियों की मौत हो गई। इस घटना में लापरवाही का आरोप लगाते हुए बिजली विभाग के दो अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

Image

बलिया में करंट की चपेट में आने से दो बहनों की मौत पर बिजली विभाग के अधिकारियों पर मामला दर्ज (फोटो - iStock)

Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुखपुरा क्षेत्र में बुधवार को स्कूल से घर लौट रही दो सगी बहन बिजली के करंट की चपेट में आ गई, जिससे दोनों की मौत हो गई। इस मामले में बिजली विभाग के उपखंड अधिकारी और जूनियर इंजिनियर के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। दोनों अधिकारियों को निलंबित करने के साथ अधिशासी अभियंता के विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस ने बताया कि सुखपुरा थाना में बुधवार की रात्रि जीरा बस्ती गांव की सुनीता यादव की शिकायत पर बुधवार को बिजली विभाग के उप खंड अधिकारी अनिल राम और अवर अभियंता आशुतोष पांडेय के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 में नामजद मामला दर्ज किया गया है।

बिजली विभाग के अधिकारियों के बीच मामला दर्ज

मामले का हवाला देते हुए बताया कि सुनीता यादव नामक महिला ने शिकायत की है कि उनकी बेटियां कक्षा नौ की छात्रा आंचल यादव (15) और कक्षा छह की छात्रा अलका यादव (12) स्कूल से घर लौट रही थी कि उप खंड अधिकारी अनिल राम और अवर अभियंता आशुतोष पांडेय की घोर लापरवाही के कारण बिजली के टूटे हुए तार से उतरे करंट की चपेट में आने से दोनों बच्चियों की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने बिजली विभाग के दोनों आरोपी अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि सेंट जेवियर्स स्कूल की दोनों छात्राएं बस से उतरकर घर जा रही थीं। रास्ते में जलजमाव था और बिजली का तार टूटकर वहीं गिरा हुआ था, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। रास्ते से गुजरते हुए दोनों छात्राएं करंट की चपेट में आ गईं। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर, ऊर्जा मंत्री अरविंद शर्मा के निर्देश पर बिजली विभाग के उप खंड अधिकारी अनिल राम और अवर अभियंता आशुतोष पांडेय को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही अधिशासी अभियंता नरेंद्र कुमार के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।

ऊर्जा मंत्री ने जताया दुख

ऊर्जा मंत्री ने ‘एक्स’ पर कहा, "बलिया के जीराबस्ती क्षेत्र में तुला ब्रह्म बाबा स्थान के पास बिजली का तार टूट कर पानी में गिरने के कारण उसके करंट से दो बच्चियों (सगी बहनों) की मृत्यु हो गई। यह दुर्घटना अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और परिजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति दे।"

उन्होंने कहा, "घटना की जानकारी मिलते ही मैंने प्रबंध निदेशक, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम से बात की और परिजनों को हर संभव मदद करने को कहा। लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया। जूनियर इंजीनियर आशुतोष पांडे तथा एसडीओ अनिल कुमार को निलंबित किया गया है। साथ ही अधिशासी अभियंता नरेंद्र कुमार के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए सबको सख्त निर्देश दिए हैं।" जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया कि छात्राओं के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता राशि देने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने हादसे को बेहद दुखद बताया और कहा कि दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article