वाराणसी

Varanasi Ropeway: रोप-वे से एक घंटे में 9 हजार लोग करेंगे यात्रा, जानें सफर में कितना बचेगा समय

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 29, 2023, 01:40 PM IST

Varanasi Ropeway Construction: वाराणसी में रोप-वे निर्माण की शुरुआत होने वाली है। चंद दिनों बाद निर्माण प्रक्रिया शुरू होगी। इसकी तैयारी कर ली गई है। इसके साथ ही शासन से फंड की भी मांग की गई है। रोप-वे संचालन शुरू होने पर लोग बेहद एक समय में अपनी यात्रा पूरी कर सकेंगे। अभी जाम लगे रहने के कारण चंद दूरी तय करने में लोगों को काफी समय लग जाता है। कई विभाग मिलकर इस दिशा में काम कर रहे हैं। मंडलायुक्त के स्तर पर इसके कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है।

Image

वाराणसी में ऐसा बनेगा रोप-वे (सांकेतिक तस्वीर)

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • जल्द ही रोप-वे रूट को कराया जाएगा खाली
  • शासन से की गई 173 करोड़ रुपए की मांग
  • कैंट रेलवे स्टेशन से लेकर गोदौलिया चौराहे तक बनेगा रोप-वे

Varanasi Ropeway Operation: शहर में फरवरी से रोप-वे निर्माण की प्रारंभिक प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके लिए सबसे पहले रोप-वे रूट को खाली कराया जाना है। बिजली के खंभे, ट्रांसफॉर्मर, पेड़ आदि हटाए जाएंगे। विभाग के मुताबिक कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया तक अगले महीने में जनसुविधाओं की लाइन शिफ्टिंग शुरू की जाएगी। इस काम के लिए शासन से 173 करोड़ रुपए की मांग की गई है। रूट के लिए चिह्नित जमीनों के अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है।

कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया चौराहे तक 3.75 किलोमीटर लंबे रोप-वे का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 1.59 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण होना है। वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) का कहना है कि सबसे पहले जनसुविधाओं की लाइन शिफ्ट कराई जानी है। इसके पूरा होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। अधिकारी के मुताबिक मार्च के पहले हफ्ते से निर्माण शुरू हो जाएगा।

कैंट स्टेशन से गोदौलिया सिर्फ 17 मिनट में पहुंचेंगे

रोप-वे से दोनों दिशाओं से एक घंटे के अंदर नौ हजार लोग यात्रा कर पाएंगे। कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया तक की दूरी 3.75 किलोमीटर है। इसे रोप-वे से तय करने में 17 मिनट ही लगेंगे। जबकि निजी वाहन या सार्वजनिक वाहन से इतनी दूरी तय करने में 45 से 60 मिनट लगते हैं। इसकी वजह सड़क पर लगने वाला भीषण जाम है। रोप-वे रूट के लिए 218 केबल कार लगाई जाएगी। डेढ़ से दो मिनट के अंदर लोगों को केबल कार मिलेगी। रोप-वे से लोग कम समय एवं आसानी से एक से दूसरी जगह आ और जा सकेंगे।

अलग-अलग विभागों ने तैयार किया है खाका

रोप-वे निर्माण होने से इस रूट से संबंधित अन्य रूटों को भी जाम से निजात मिलेगी। अभी इस रूट पर जाम लगने से संबंधित रास्तों पर भी जाम लग जाता है। वैसे, इसके निर्माण में रोड़ा बन रहे बाधाओं को दूर करने के लिए अलग-अलग विभागों ने खाका तैयार किया है। सभी विभाग बहुत जल्द अपना-अपना काम शुरू कर देंगे।

पहले चरण में सिगरा तक होगा संचालन

पहले चरण में रोप-वे कैंट स्टेशन से सिगरा तक संचालित किया जाएगा। इन दोनों स्टेशनों के बीच सफल संचालन के बाद रथयात्रा, गिरिजाघर तिराहा और गोदौलिया स्टेशन बनाया जाएगा। इतना ही नहीं कैंट से गोदौलिया तक परियोजना सफल होने पर इसका विस्तार किया जाना है। इसके तहत गोदौलिया से मैदागिन और लंबा की ओर रोप-वे बनाया जाएगा।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article