वाराणसी

E-Buses At Varanasi Airport: वाराणसी एयरपोर्ट से चलेंगी 15 ई-बसें, होली से पहले शुरू होगा परिचालन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 26, 2023, 03:11 PM IST

Varanasi News: वाराणसी आने वाले लोगों एवं शहरवासियों के लिए खुशखबरी है। अब एयरपोर्ट से उन्हें गंतव्य स्थान तक जाने में कोई असुविधा नहीं होगी। एयरपोर्ट परिसर से ई-बसों का संचालन किया जाएगा। इसको लेकर एयरपोर्ट अथॉरिटी ने परिवहन निगम को मंजूरी भी दे दी है। अगले हफ्ते से ई-बसों का संचालन शुरू हो सकता है।

Image

वाराणसी एयरपोर्ट (फाइल फोटो)

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • एयरपोर्ट से यात्रियों को ई-बस के जरिए लाया जाएगा कैंट स्टेशन
  • हर आधे घंटे पर चलाई जाएगी एक ई-बस
  • एयरपोर्ट अथॉरिटी को शुल्क देने के लिए तैयार है परिवहन निगम


Varanasi Airport Facilities: वाराणसी एयरपोर्ट से होली से पहले ई-बसों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। इसको लेकर परिवहन निगम अब एयरपोर्ट अथॉरिटी को तय शुल्क देने के लिए भी तैयार हो गया है। फिलहाल एयरपोर्ट से 15 ई-बसों का परिचालन किया जाएगा। परिवहन निगम लंबे समय से एयरपोर्ट से यात्रियों को कैंट स्टेशन तक पहुंचाने की कोशिश में जुटा हआ है।

पहले सुविधाओं का हवाला देकर ई-बसों को परिचालन की पहल हुई, लेकिन एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बसों को खड़ी करने के लिए तय शुल्क जमा करने के लिए कहा। वैसे, परिवहन निगम इस शुल्क को देने के लिए तैयार नहीं था। अब इस मुद्दे पर सहमति बन चुकी है। इसके लिए कम से कम किराए के रूप में 100 रुपए वसूलने की तैयारी है।

एयरपोर्ट से कैंट स्टेशन तक चलेगी ई-बस

एयरपोर्ट से कैंट स्टेशन तक ई-बसों का परिचालन किया जाएगा। हर आधे घंटे पर ई-बसें परिचालित की जाएंगी। एयरपोर्ट पर आधे घंटे तक बस खड़ी करने के बदले परिवहन निगम द्वारा एयरपोर्ट प्रबंधन को 30 रुपए देने पड़ेंगे। 30 मिनट के बाद 120 मिनट तक ई-बस खड़ी करने पर 70 रुपए देने होंगे।

होली को देखते हुए रोडवेज बसों का बढ़ेगा फेरा

होली के मद्देनजर बसों और ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रोडवेज बसों का फेरा बढ़ाया जाएगा। इस बारे में परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक गौरव वर्मा का कहना है कि होली से तीन दिन पहले प्रयागराज, लखनऊ और सोनभद्र रूट पर चल रही बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। होली के एक दिन पहले जौनपुर, आजमगढ़, विंध्यनगर, गाजीपुर डिपो से उनके आसपास के इलाकों में परिचालित हो रही बसों के भी फेरे बढ़ाए जाने हैं।

होली स्पेशल एक और जोड़ी ट्रेन बढ़ी

होली पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने एक और जोड़ी स्पेशल ट्रेन चलाने का ऐलान किया है। रेलवे के मुताबिक ट्रेन नंबर 05193 छपरा-पनवेल एक्सप्रेस चलाई जाएगी। यह ट्रेन तीन फेरे चलेगी। दो, नौ और 16 मार्च को छपरा स्टेशन से सुबह 3.20 बजे ट्रेन रवाना होगी। यह ट्रेन बलिया, गाजीपुर सिटी होकर 7:50 बजे वाराणसी कैंट स्टेशन पहुंचेगी। फिर यहां से रवाना होकर 8:05 बजे मंडुवाडीह स्टेशन पहुंच जाएगी। यहां से प्रयागराज स्टेशन पहुंचेगी। प्रयागराज से भुसावल, नासिक होते हुए पनवेल तक ट्रेन जाएगी। ऐसे ही 3,10 और 17 मार्च को ट्रेन नंबर 05194 पनवेल से छपरा तक जाएगी। तीसरे दिन यह ट्रेन सुबह 4 बजे मंडुवाडीह स्टेशन पहुंचेगा। वाराणसी कैंट स्टेशन सुबह 4:25 बजे ट्रेन पहुंचेगी।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article