Varanasi Accident News: वाराणसी में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। तेज रफ्तार थार ने बाइक को टक्कर मार दी और उसे 100 मीटर तक घसीटा। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला और उसकी पांच साल बेटी की मौत हो गई। वहीं महिला का देवर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद थार चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है।
शादी कार्यक्रम से लौटते समय हादसा
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के लहरतारा-मोहनसराय सिक्स लेन पर हुआ। बताया जा रहा है कि मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बेनीपुर गांव निवासी सोनी राजभर अपने देवर मनीष राजभर और पांच साल की बेटी के साथ मोढैला गांव में एक शादी कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। रविवार रात करीब 11:30 बजे वे लोग कार्यक्रम से तीनों बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। रास्ते में भुल्लनपुर के पास तेज रफ्तार थार पीछे से आई, जिसने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद थार चालक फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह टक्कर इतनी भीषण थी कि टक्कर के बाद बाइक थार में फंस गई। आरोप है कि थार चालक ने टक्कर के बाद गाड़ी रोकने की बजाय भागने की कोशिश की, जिससे बाइक थार के साथ करीब 100 मीटर तक घसीटती चली गई। इस दौरान सड़क पर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही मंडुवाडीह पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने सोनी राजभर और उनकी पांच साल की बेटी को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में मनीष राजभर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है। पुलिस थार चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
