UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 12-January-2026: उत्तर प्रदेश में ठंड और कोहरे ने एक बार फिर जनजीवन को बेहाल कर दिया है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों तक साफ दिख रहा है। कई जिलों में तापमान तेजी से नीचे गिरा है, वहीं घने कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात पर भी असर पड़ा है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में ठंड का असर तेज हो गया है। मेरठ में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के आसपास पहुंच गया। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण दिन और रात दोनों समय गलन बढ़ गई है।
25 जिलों में घना कोहरा
गोरखपुर, जौनपुर, बस्ती समेत करीब 25 जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। कई इलाकों में सड़कों पर 20 मीटर तक भी दिखाई नहीं दे रहा, जिससे हाईवे और संपर्क मार्गों पर सन्नाटा पसरा रहा। कुछ जिलों में कोहरा बेहद घना होने के कारण वाहन रेंगते नजर आए। कोहरे का असर परिवहन व्यवस्था पर भी पड़ा है। गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी रूट की करीब 50 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। वहीं गोरखपुर, लखनऊ और वाराणसी एयरपोर्ट पर 10 से अधिक उड़ानें देर से पहुंचीं। चंदौसी और बबराला जंक्शन पर भी कई ट्रेनें घंटों की देरी से पहुंचीं।
स्कूलों में छुट्टी बढ़ी
ठंड और कोहरे को देखते हुए कई जिलों में स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। नोएडा में 15 जनवरी तक, गोरखपुर, आगरा और बिजनौर में 13 जनवरी तक तथा मेरठ में 12 जनवरी तक कक्षा 8 तक के स्कूल बंद रहेंगे। गाजियाबाद में कक्षा 5 तक के स्कूल 15 जनवरी तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
शहरों में मौसम का अलग-अलग असर
संभल में कोहरे से राहत जरूर मिली है, लेकिन बर्फीली हवाओं के कारण ठंड बनी हुई है। सहारनपुर में भीषण कोहरा छाया है और वायु गुणवत्ता बेहद खराब दर्ज की गई है। वहीं आगरा में लगातार धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली है, हालांकि सुबह-शाम ठंड अभी भी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों के लिए घने से अत्यंत घने कोहरे और शीतलहर का ऑरेंज व येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 15 जनवरी तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, हालांकि दोपहर के समय कहीं-कहीं धूप निकलने से अस्थायी राहत मिल सकती है।
