UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में दिसंबर के शुरुआती समय में ठंड अन्य राज्यों के मुकाबले कम थी। लेकिन दिसंबर महीने का अंत आते-आते प्रदेश में भी ठंड का कहर बरसने लगा है। इसके साथ ही प्रदेश के कुछ शहरों में घना कोहरा भी देखने को मिला है। यूपी में ठंड के कारण कोहरा बढ़ने और सड़कों पर कम दृश्यता होने के कारण कई हादसे भी देखने को मिले रहे हैं। इतना ही नहीं यातायात व्यवस्था भी इससे प्रभावित है।
बता दें कि लखनऊ में कोहरे और कम दृश्यता के कारण करीब 17 फ्लाइटों को निरस्त किया गया। वहीं कुछ फ्लाइटों को डायवर्ट करने पड़ा। फ्लाइटों के साथ रेलवे भी इससे प्रभावित दिखा। इसमें लखनऊ और प्रदेश के अन्य कई शहरों से गुजरने वाली करीब 40 ट्रेनों को रद्द किया गया। प्रदेश में बढ़ती ठंड और कोहरे के कारण मौसम विभाग ने कई जिलों में ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग द्वारा दी जानकारी के अनुसार अगले कुछ दिनों तक कोहरे से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। साथ ही 31 दिसंबर को कई इलाकों में बारिश की संभावना भी जताई जा रही है। आइए आपको बताएं किन शहरों में जारी किया मौसम विभाग ने अलर्ट...
इन जिलों में अलर्ट जारी
यूपी में ठंड का कहर बढ़ रहा है। प्रदेश के कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। कोहरे से जल्द छुटकारे की संभावना कम है। ठंड, बारिश और कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अलर्ट जारी किया है। इसमें गाजियाबाद, नोएडा, बागपत, अलीगढ़, मथुरा, मेरठ मुरादाबाद, बरेली, भीमनगर, पीलीभीत, इटावा, बुलंदशहर, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, एटा, औरैया, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर कानपुर, बांदा, फतेहपुर, रायबरेली, कौशांबी, चित्रकूट, प्रयागराज, प्रतापगढ़, अमेठी, सुल्तानपुर, जौनपुर, वाराणसी, आजमगढ़, अंबेडकरनगर, गाजीपुर, गोंडा, कुशीनगर, कन्नौज, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, बहराइच, सीतापुर, और लखीमपुर खीरी शामिल है। अगले कुछ दिनों तक इन शहरों में घने कोहरे से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं दिखाई दे रही है।
आज का तापमान
उत्तर प्रदेश के तापमान की बात करें तो मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 6.8 दर्ज किया गया है। वहीं प्रदेश की राजधानी में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री है। हरदोई में 15 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। बता दें कि आने वाले समय में तापमान और गिरने की आशंका जताई जा रही है। बारिश होने और शीतलहर की संभावना भी जताई गई है।
