180 KM/घंटे की रफ्तार, मंजिल से ज्यादा सफर बना रोमांच; UP में चल गईं 14 वंदे भारत एक्सप्रेस
- Authored by: Pushpendra Kumar
- Updated Jan 14, 2026, 02:34 PM IST
UP Vande Bharat Express Train List: वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें कम समय में लंबी दूरी का सफर आसान बनाने की दिशा में कारगर साबित हो रही हैं। लग्जरी सुविधाओं से लैस ये गाड़ियां यात्रियों को खूब भा रही हैं। यही कारण है कि लगातार इनकी संख्या में इजाफा किया जा रहा है। तो चलिए जानते हैं कि अबतक उत्तर प्रदेश में या उत्तर प्रदेश से गुजर कर जाने वाली कितनी गाड़ियां और किन शहरों के बीच चल रही हैं। आज हम इनके नाम और रूट के बारे में बात करेंगे।
यूपी की सभी वंदे भारत ट्रेनों की लिस्ट
UP Vande Bharat Express Train List : वंदे भारत ट्रेनें शताब्दी और राजधानी ट्रेनों की तुलना में स्पीड में आगे हैं। इसकी अधिकतम स्पीड 180 किलोमीटर प्रति घंटे की है। हालांकि, इसकी औसत गति 96.37 किलोमीटर प्रति घंटे या प्रत्येक रूट पर अलग-अलग है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश में करीब 14 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें संचालित हैं। लेकिन जल्द ही इनकी संख्या 15 होने की खबर है। ये ट्रेनें देशभर के विभिन्न राज्यों के बीच यात्रियों को सहूलियत प्रदान कर रही हैं। हालांकि, किराया अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों के मुकाबले अधिक है, लेकिन स्पीड और टाइमिंग के मामले में इनका कोई जोड़ नहीं! आइये जानते हैं किन शहरों के बीच ये हाईस्पीड ट्रेनें संचालित हैं?
यूपी वंदे भारत फुल लिस्ट
- दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस
- रांची-वाराणसी वंदे भारत ट्रेन
- लखनऊ-देहरादून वंदे भारत एक्सप्रेस
- पटना-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस
- आनंद विहार-अयोध्या वंदे भारत एक्सप्रेस
- गोरखपुर-प्रयागराज वंदे भारत एक्सप्रेस
- मेरठ-वाराणसी वंदे भारत ट्रेन
- वाराणसी-देवघर वंदे भारत
- आगरा कैंट-बनारस वंदे भारत
- हजरत निजामुद्दीन-रानी कमलापति वंदे भारत
- हजरत निजामुद्दीन-खजुराहो वंदे भारत
- उदयपुर सिटी-आगरा कैंट वंदे भारत
- बनारस-खजुराहो वंदे भारत स्टेशन लिस्ट
- लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस
दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस (Delhi-Varanasi Vande Bharat Express)
देश की झोली में पहली वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात साल 2019 में आई थी। जब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से आध्यात्मिक नगरी वाराणसी के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस (Delhi-Varanasi Vande Bharat Express) को हरी झंडी दिखाई गई थी। खास बात ये है कि देश की सबसे तेज रफ्तार में भागने वाली वंदे भारत नई दिल्ली से वाराणसी के बीच चलाई जा रही है। इस ट्रेन ने देश में रफ्तार का रोमांच भर दिया। इस वंदे भारत एक्सप्रेस संख्या (22435/22436) ट्रेन की एवरेज स्पीड 96.37 KM / घंटा है। यह ट्रेन 771 किलोमीटर की दूरी महज 8 घंटे में तय करती है।
रांची-वाराणसी वंदे भारत ट्रेन ( Ranchi-Varanasi Vande Bharat Train)
यह वंदे भारत ट्रेन रांची और वाराणसी (20887/20888) के बीच चल रही है। ट्रेन गुरुवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलाई जा रही है। यह ट्रेन सात घंटे पचास मिनट में 571 किलोमीटर की दूरी तय करती है। यह ट्रेन सुबह 5.10 बजे रांची से रवाना होकर और दोपहर 1 बजे वाराणसी पहुंचती है। वापसी में वंदे भारत ट्रेन शाम 4.05 बजे वाराणसी से रवाना होकर और रात के 11.55 पर रांची अपने गंतव्य पर पहुंचती है। वहीं, यह ट्रेन मुरी, बोकारो स्टील सिटी, कोडरमा, गया, सासाराम और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर रुकेगी। झारखंड राज्य की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस रांची और पटना के बीच चलती है। पहली वंदे भारत ट्रेन को 27 जून, 2023 को हरी झंडी दिखाई गई थी, जबकि रांची और हावड़ा के बीच दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस को पिछले साल 24 सितंबर को हरी झंडी दिखाई गई थी।
लखनऊ-देहरादून वंदे भारत एक्सप्रेस (Lucknow-Dehradun Vande Bharat Express)
लखनऊ-देहरादून वंदे भारत (22546 ) सप्ताह में 6 दिन संचालित हो रही है। देहरादून और लखनऊ के बीच यह पहली वंदे भारत ट्रेन है। पिछले साल देहरादून से नई दिल्ली आनंद विहार के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन किया गया था। सप्ताह में छह दिन चलने वाली यह ट्रेन लखनऊ से सुबह 5:15 मिनट पर चलकर 8 बजकर 35 मिनट पर बरेली, 9 बजकर 57 मुरादाबाद, 12 बजकर 15 मिनट पर हरिद्वार और दोपहर 1:35 बजे देहरादून पहुंचती है। देहरादून से यह ट्रेन 2:25 बजे चलकर और रात 10:40 बजे लखनऊ पहुंचती है। यह ट्रेन देहरादून से चलने के बाद सीधे हरिद्वार स्टेशन पर रुकती है।
पटना-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस ( Patna Lucknow Vande Bharat Express )
बिहार के पटना से लखनऊ (22345) के बीच संचालित वंदे भारत एक्सप्रेस करीब 6 घंटे 20 मिनट में अयोध्या और लगभग 8 घंटे 40 मिनट पर लखनऊ की दूरी तय करती है। इस ट्रेन के संचालन से बिहार से यूपी और यूपी से बिहार जाने वाले यात्रियों को बड़ी सहूलियत मिल रही है। यह ट्रेन पटना से पं दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन की दूरी महज 2 घंटे 35 मिनट में कवर करती है। यह पटना से सुबह 6 बजकर 5 मिनट पर खुलकर 6 बजकर 16 मिनट पर दानापुर, 6 बजकर 43 मिनट पर आरा, 7 बजकर 23 बजे बक्सर और 8 बजकर डीडीयू पहुंचेगी। फिर 9 बजकर 30 मिनट पर वाराणसी से 12 बजकर 35 मिनट पर अयोध्या दोपहर 2 बजे 45 मिनट पर लखनऊ पहुंचेगी। वहीं, वापसी में दोपहर 3 बजकर 30 मिनट पर खुलकर शाम 5 बजकर अयोध्या पहुंचती है। इसके बाद रात 8 बजकर वाराणसी, 8 बजकर 50 मिनट डीडीयू, 9 बजकर 45 बक्सर, 10 बजकर 35 पर आरा, 11 बजकर 7 मिनट पर दानापुर और रात 11 बजकर 45 मिनट पर अपने गंतव्य पटना पहुंच जाएगी।
आनंद विहार-अयोध्या वंदे भारत एक्सप्रेस (Anand Vihar-Ayodhya Vande Bharat Express)
दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से राम नगरी अयोध्या के बीच संचालित (22426 ) वंदे भारत एक्सप्रेस का सप्ताह में 6 दिन संचालन किया जा रहा है। बुधवार को इस ट्रेन को विराम दिया जाता है। 615 किलोमीटर दूरी के लिए सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर खुलकर यह हाई स्पीड ट्रेन दोपहर 2 बजकर 30 मिनट पर अयोध्या कैंट पहुंचती है। वापसी में अयोध्या से दोपहर 3 बजकर 20 मिनट पर चलकर रात 11 बजकर 40 मिनट पर आनंद विहार पहुंचती है। रास्ते में यह गाड़ी केवल कानपुर और लखनऊ में यात्रियों को उतार कर आगे बढ़ जाती है। कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार का किराया 1250 रुपये और एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 2270 रुपये है। इस गाड़ी की अधिकतम स्पीड 160 किलोमीटर है।
गोरखपुर-प्रयागराज वंदे भारत एक्सप्रेस (Gorakhpur-Prayagraj Vande Bharat Express)
गोरखपुर-प्रयागराज वंदे भारत को हाल ही में विस्तार मिला है। गाड़ी संख्या 22529 सीएम सिटी गोरखपुर से सुबह 6 बजकर 5 मिनट पर चलकर, 6 बजकर 52 मिनट पर बस्ती, 8 बजकर 15 मिनट पर अयोध्या, 10 बजकर 20 मिनट पर लखनऊ से चलकर 1 बजकर 35 मिनट पर प्रयागराज जंक्शन पहुंचती है। वहीं, वापसी में प्रयागराज से 22550 गाड़ी संख्या दोपहर 3 बजकर 15 मिनट पर चलकर शाम 5 बजे लखनऊ और रात 10 बजकर 40 मिनट पर गोरखपुर पहुंचेगी। सप्ताह में 6 दिन चलने वाली हाईस्पीड ट्रेन की औसत स्पीड 110 किलोमीटर प्रति घंटे है।
मेरठ-वाराणसी वंदे भारत ट्रेन
मेरठ-वाराणसी वंदे भारत सुबह 6 बजकर 35 मिनट पर मेरठ से खुलकर 8 बजकर 35 मिनट पर मुरादाबाद, 9 बजकर 56 मिनट पर बरेली और फिर लखनऊ दोपहर 1 बजकर 45 मिनट पर पहुंचेगी। फिर लखनऊ से वाराणसी पहुंचने में 6 बजकर 15 मिनट हो जाएगा। वापसी में वाराणसी में रोजाना सुबह 9 बजे चलकर रात 9 बजे मेरठ पहुंचेगी। फिलहाल, यह ट्रेन सप्ताह में मंगलवार को छोड़कर 6 दिन चलती है। लखनऊ से मेरठ वंदे भारत का चेयर कार का किराया 1300 रुपये और एग्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया 2365 रुपये है। हालांकि, वापसी में यही मेरठ से लखनऊ तक का चेयर कार का किराया 1355 रुपये और एग्जीक्यूटिव चेयर कार 2415 रुपये है। इस किराये में रिजर्वेशन चार्ज, सुपरफास्ट चार्च, खाने का चार्ज और जीएसटी शामिल है।
वाराणसी-देवघर वंदे भारत
वाराणसी-देवघर वंदे भारत (22499/22500) ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बिहार में सासाराम, गया, नवादा और कीयूल जंक्शन पर ठहराव लेगी। वाराणसी-देवघर वंदे भारत एक्सप्रेस वाराणसी कैंट स्टेशन से सुबह 6 बजकर 20 मिनट पर खुलेगी और दोपहर 1 बजकर 30 मिनट पर देवघर स्टेशन पहुंचती है। वापसी में दोपहर 3 बजकर 15 मिनट पर देवघर से चलकर रात 10 बजकर 20 मिनट पर वाराणसी कैंट पर यात्रियों को छोड़ती है। वाराणसी-देवघर वंदे भारत एक्सप्रेस के एसी चेयरकार का किराया 1365 रुपये और एग्जीक्यूटिव का किराया 2415 रुपये है। इसमें खाने और नास्ते का भी बजट शामिल है। यदि यात्री ये सुविधाएं नहीं लेना चाहते तो इस सेवा को स्किप कर सकते हैं। देवघर से वाराणसी की दूरी करीब 475 किलोमीटर है। यह वंदे भारत 7 घंटे में इतनी दूरी कवर करती है। इस ट्रेन के जरिए भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से काशी और देवघर दर्शन करने के इच्छुक यात्री आराम से यात्रा कर सकते हैं। महज 7 घंटे में दोनों शहरों बीच यात्रा पूरी होने से एक दिन में ही दो बड़े तीर्थ स्थलों के दर्शन सुलभ होंगे।
आगरा कैंट-बनारस वंदे भारत (Agra Cantt-Banaras Vande Bharat)
आगरा कैंट-बनारस वंदे भारत एक्सप्रेस (20176/20175) ट्रेन ने नियमित रूप से सप्ताह में 6 दिन चलती है। इसमें 16 कोच रहते हैं। यह गाड़ी 570 किलोमीटर की दूरी लगभग 7 घंटे में तय करती है। यह आगरा से सुबह 6 बजे चलकर, 6 बजकर 45 मिनट पर टूंडला, 7 बजकर 35 मिनट पर इटावा, 9 बजकर 5 मिनट पर कानपुर, 11 बजकर 10 मिनट पर प्रयागराज और दोपहर 1 बजे वाराणसी पहुंचती है। इस ट्रेन में चेयर कार (CC) में सफर के लिए यात्रियों को लगभग 1570 रुपये और एग्जीक्यूटिव क्लास (EC) के लिए लगभग 2850 रुपये बतौर टिकट खरीदने में खर्च करने पड़ सकते हैं। यह गाड़ी सप्ताह में 6 दिन चलती है।
हजरत निजामुद्दीन-रानी कमलापति वंदे भारत
भोपाल रानी कमलापति को हजरत निजामुद्दीन (20171) सुरक्षित और आरामदायक सेवा उपलब्ध करा रही है। यह ट्रेन न सिर्फ समय बचाती है, बल्कि यात्रा अनुभव को भी बेहतर बनाती है। यह ट्रेन सोमवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन चलती है। इसकी औसत गति लगभग 92 км/घंटा रहती है। ट्रेन सुबह 5 बजकर 40 मिनट पर भोपाल के रानी कमलापति से रवाना होती है और दोपहर 1 बजकर 16 मिनट पर हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर पहुंचती है। यह गाड़ी रानी कमलापति, वीरांगना लंक्ष्मीबाई (झांसी), ग्वालियर जंक्शन, आगरा जंक्शन और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर ठहराव लेती है।
हजरत निजामुद्दीन-खजुराहो वंदे भारत
हजरत निजामुद्दीन-खजुराहो वंदे भारत (Hazrat Nizamuddin-Khajuraho Vande Bharat )हजरत निज़ामुद्दीन–खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस ( 22470) यात्रियों के लिए काफी सहूलियत प्रदान कर रही है। यह ट्रेन दिल्ली को आगरा, ग्वालियर, झांसी और बुंदेलखंड के ऐतिहासिक पर्यटन स्थल खजुराहो से कनेक्ट करती है। यह ट्रेन सोमवार को को छोड़कर हफ्ते में 6 दिन चलती है। यह ट्रेन सुबह 6 बजे दिल्ली से चलती है और दोपहर करीब 2 बजकर 20 मिनट पर खजुराहो पहुंचती है। 660 किमी की दूरी ट्रेन करीब 8 घंटे 20 मिनट में तय करती है। आगरा कैंट, ग्वालियर, दतिया, झांसी, ललितपुर, टीकमगढ़ और छतरपुर स्टेशन पर ठहरती है।
उदयपुर सिटी-आगरा कैंट वंदे भारत
प्रीमियम वंदे भारत ( Udaipur City-Agra Cantt Vande Bharat Express) ( 20981/20982) राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी प्रदान कर रही है। यह गाड़ी उदयपुर सिटी (UDZ) से आगरा कैंट (AGC) के बीच लगभग 610 किमी. की दूरी 8 घंटे 45 मिनट में तय करती है। यह सप्ताह में 3 दिन सोमवार, गुरुवार और शनिवार को चलती है। इसमें एसी चेयरकार और एग्जीक्यूटिव चेयर कार सीटें उपलब्ध है। यह ट्रेन उदयपुर से चलकर राणा प्रतापनगर, मावली जंक्शन, चंदेरिया, बूंदी, कोटा जंक्शन, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी और आगरा कैंट में स्टाप लेती है।
बनारस-खजुराहो वंदे भारत स्टेशन लिस्ट
बनारस-खजुराहो वंदे भारत (26422) इस मार्ग पर सीधी कनेक्टिविटी स्थापित कर रही है। वर्तमान में चल रही विशेष ट्रेनों की तुलना में लगभग 2 घंटे 40 मिनट की बचत कर रही है। यानी 443 किलोमीटर की दूरी महज 7 घंटे 40 मिनट में पूरी करती है। बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस वाराणसी कैंट, विंध्याचल, प्रयागराज छिवकी, चित्रकूट, बांदा, महोबा और खजुराहो स्टेशन पर ठहराव लेती है। इसके जरिए प्रतिष्ठित धार्मिक और सांस्कृतिक स्थल आपस में जुड़ गए हैं। तीर्थयात्रियों और यात्रियों को यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल खजुराहो तक एक तेज़, आधुनिक और आरामदायक सफर का लाभ मिलेगा। इससे यूपी और एमपी के बीच कनेक्टिविटी बेहद आसान होगी। यह ट्रेन गुरुवार को छोड़कर सप्ताह में 6 दिन संचालित की जा रही है।
लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस के स्टेशन
वहीं, लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए बेहद सहूलियत प्रदान करेगी। ट्रेन संख्या (26503/ 26504) दोनों स्टेशनों के बीच लगभग 7 घंटे 45 मिनट में रूट पर यात्रा पूरी करेगी, जिससे यात्रा समय में लगभग 1 घंटे की कटौती होगी। लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस लखनऊ, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, बिजनौर और सहारनपुर स्टेशन पर ठहराव लेगी और यहां से आवागमन करने वाले यात्रियों को बहुत लाभ होगा। इस गाड़ी के संचालन से यूपी के साथ उत्तराखंड के रुड़की होते हुए हरिद्वार तक जाने वाले यात्रियों को मदद मिलेगी।
वंदे भारत ट्रेन के लिए कैसे टिकट बुक करें?
यात्री वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर करने के लिए भारतीय रेलवे स्टेशन से डायरेक्ट फिजिकल टिकट ले सकते हैं। इसके अलावा स्मार्टफोन-लैपटॉप की मदद से आईआरसीटीसी (IRCTC) वेब पोर्टल या ऐप और रेलवे कनेक्ट ऐप के जरिए संबंधित वंदे भारत ट्रेनों के लिए टिकट बुक कर सकते हैं। टिकट बुक करते समय आप अपने ऑनलाइन बैंक खाते से राशि चुका सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।