शहर

Ghaziabad: घर के बाहर खेलते हुए गायब हुई 7 साल की बच्ची, देर रात मॉल के बेसमेंट में खून से लथपथ मिला शव; आरोपी हिरासत में

Ghaziabad News: गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में एक निर्माणाधीन मॉल से 7 वर्षीय मासूम बच्ची का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

Image

घटना की जानकारी देतीं ACP प्रियाश्री

Photo : Times Now Digital

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। राजनगर एक्सटेंशन में स्थित एक निर्माणाधीन मॉल के परिसर से एक 7 वर्षीय मासूम बच्ची का शव बरामद हुआ है। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे थाना नंदग्राम पुलिस को इस घटना की सूचना मिली। पुलिस के आला अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है।

शाम को खेलते समय अचानक गायब हुई थी बच्ची

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मासूम बच्ची शुक्रवार शाम करीब 7 से 8:30 बजे के बीच घर के बाहर खेल रही थी, जिसके बाद वह अचानक लापता हो गई। करीब 9 बजे जब परिजनों को अहसास हुआ कि बच्ची काफी देर से घर पर नहीं है, तो उन्होंने हर जगह पर उसकी खोजबीन शुरू की। काफी तलाश करने के बाद भी जब बच्ची का कुछ पता नहीं चला, तो परेशान परिवार ने देर रात पुलिस को इसकी सूचना दी।

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, बेसमेंट में मिला शव

पुलिस ने सूचना मिलते ही तुरंत सक्रियता दिखाई और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों को खंगालना शुरू किया फुटेज की जांच के दौरान पुलिस को तीन मजदूर मासूम बच्ची को निर्माणाधीन मॉल की तरफ ले जाते हुए दिखाई दिए। इस सुराग के आधार पर जब पुलिस और परिजनों ने मॉल के बेसमेंट में जाकर देखा, तो वहां बच्ची का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। बच्ची के सिर और गले पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं।

मां ने की फांसी की मांग, पुलिस जांच जारी

इस दुखद घटना के बाद टाइम्स नाउ से बातचीत में मृत बच्ची की मां ने प्रशासन से आरोपियों को सीधे फांसी की सजा देने की मांग की है। हालांकि, शुरुआत में दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन बच्ची की मां ने इस बात से इनकार करते हुए आशंका जताई है कि आरोपियों ने बच्ची को छत से नीचे फेंक दिया है, जिससे उसकी मौत हुई।

एसीपी प्रियाश्री (ACP) ने कहा कि रात लगभग 1:00 बजे थाना नंदग्राम पर यह सूचना मिली कि राजनगर एक्सटेंशन के एक निर्माणाधीन मॉल में 7 वर्षीय बच्ची का शव मिला है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। फॉरेंसिक (FSL) टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा चुके हैं। परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज में दिखे कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है और जल्द ही मामले का पूरी तरह अनावरण किया जाएगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article