UP MLC Election Results 2026 Winners List: उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) की 5 स्नातक और 6 शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 प्रक्रिया के तहत मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय द्वारा 28 अक्टूबर 2026 को परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। अब तक प्राप्त आधिकारिक सूचना के अनुसार 1 स्नातक और 5 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के विजेताओं की घोषणा कर दी गई है।
इन नतीजों के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगरा शिक्षक सीट से सपा समर्थित प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल के समर्थन में सोशल मीडिया पर तीखा राजनीतिक हमला बोला और 'पीडीए' (PDA) की नई व्याख्या पेश की।
UP MLC चुनाव: घोषित 6 सीटों का परिणाम (विजेताओं की सूची)
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार विजयी उम्मीदवारों की सूची इस प्रकार है:
1. मेरठ स्नातक क्षेत्र- दिनेश कुमार गोयल (भारतीय जनता पार्टी)
2. लखनऊ शिक्षक क्षेत्र- उमेश द्विवेदी (भारतीय जनता पार्टी)
3. वाराणसी शिक्षक क्षेत्र- लाल बिहारी यादव (समाजवादी पार्टी)
4. आगरा शिक्षक क्षेत्र- डॉo आकाश अग्रवाल (समाजवादी पार्टी)
5. मेरठ शिक्षक क्षेत्र- श्रीचन्द शर्मा (भारतीय जनता पार्टी)
6. बरेली-मुरादाबाद शिक्षक क्षेत्र- डाo हरि सिंह ढिल्लो (भारतीय जनता पार्टी)
अखिलेश यादव का बड़ा बयान: 'PDA में 'A' का मतलब अब अग्रवाल-अग्रवंशी भी'
आगरा शिक्षक सीट से डॉ. आकाश अग्रवाल की जीत और चुनाव के दौरान हुई घटनाओं पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 'एक्स' (X) पर लिखा:
अग्रवाल समाज का समर्थन: अखिलेश यादव ने कहा कि 'PDA (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) में 'A' का मतलब अब 'अग्रवाल-अग्रवंशी' भी है।' उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपाइयों और उनके सहयोगियों द्वारा डॉ. आकाश अग्रवाल के साथ दुर्व्यवहार किया गया, जिससे समस्त अग्रहरि और अग्रवाल समाज अपमानित महसूस कर रहा है।
'जो पीड़ित, वो पीडीए': सपा अध्यक्ष ने कहा कि 'जो पीड़ित, वो पीडीए!' ही पार्टी का मूल नारा है। आज जब अग्रवाल समाज सपा के साथ खड़ा हुआ है, तो पार्टी की ताकत कई गुना बढ़ गई है।
5% बनाम 95% की लड़ाई: उन्होंने कहा कि शैक्षणिक व व्यावसायिक रूप से सशक्त समाज के साथ आने से पीडीए का जनाधार और मनोबल बढ़ा है और अब यह लड़ाई सच में 5% भाजपाई बनाम 95% पीडीए की हो गई है। उन्होंने डॉ. राम मनोहर लोहिया के आदर्शों को अपना प्रकाश स्तंभ बताया।
