यूपी में आज का मौसम (11 March 2026): उत्तर प्रदेश में मार्च में ही तेज गर्मी पड़ने लगी है। पिछले कई दिनों से मौसम साफ बना हुआ है और धूप भी तीखी निकल रही है। हालांकि मंगलवार को पश्चिमी यूपी और उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम अचानक बदल गया। सुबह के समय आसमान में सर्दियों जैसी धुंध की चादर छा गई। जिसके कारण यूपी में कई जगहों पर विजिबिलिटी 200 तक दर्ज हुई। इस अप्रत्याशित मौसम ने लोगों को हैरान कर दिया। उन्हें ऐसा मौसम देख सर्दी के मौसम जैसा महसूस हुआ। सुबह धुंध के साथ ठंडी हवाएं भी चलीं। बताया जा रहा है कि धुंध की इस चादर के पीछे थार रेगिस्तान, बलूचिस्तान और मध्य पाकिस्तान की धूल रही। इन इलाकों से तेज रफ्तार से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से धूल वायुमंडल के ऊपरी हिस्से में जा पहुंची।
आज यूपी में कैसा रहेगा मौसम
यूपी में फिलहाल मौसम साफ बना हुआ है, आज भी पूर्वी और पश्चिमी संभाग में मौसम शुष्क ही बना रहेगा। दिन में तेज धूप निकलेगी, जिससे चिलचिलाती गर्मी का एहसास होगा। हालांकि जल्द ही यूपी में मौसम करवट बदलने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य में बारिश की संभावना जताई है। यूपी में 14 मार्च तक मौसम शुष्क ही बने रहने के आसार हैं। इस दौरान कहीं भी कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। साफ मौसम के कारण सूरज की तपिश का ज्यादा एहसास होगा। जिससे तेज गर्मी पड़ने की संभावना है। ऐसे में तापमान में बढ़ोत्तरी भी दर्ज की जा सकती है।
यूपी में कब होगी बारिश
IMD के अनुसार 15 और 16 मार्च को यूपी के दोनों हिस्सों में बारिश के आसार हैं। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की से बहुत हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ने की संभावना है। हालांकि बारिश को लेकर फिलहाल कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया। वहीं तापमान में भी अगले 7 दिनों में कोई बड़ा बदलाव आने के आसार नहीं हैं। लेकिन यह सामान्य से काफी ऊपर बना रह सकता है। जिससे सामान्य से अधिक गर्मी भी महसूस होगी।
यूपी में 38 डिग्री के पार तापमान
यूपी में पिछले 24 घंटे में कई जिलों का तापमान 35 के पार दर्ज किया गया। इस दौरान सबसे गर्म जिला बांदा रहा, यहां का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिसके बाद झांसी में 37.9 डिग्री, आगरा में 37.3 डिग्री, ओरई में 36.8 डिग्री और हमीरपुर में 36.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। राज्य में न्यूनतम तापमान भी काफी बढ़ गया है। मंगलवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान बुलंदशहर में 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं सबसे अधिक न्यूनतम पारा वाराणसी बीएचयू में 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
