यूपी में आज का मौसम (08 June 2026): उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश का सिलसिला थमने के बाद एक बार फिर गर्मी का प्रकोप शुरू हो गया है। दिनभर चिलचलाती धूप लोगों को परेशान कर रही है और कई जिलों में लू जैसी स्थिति भी देखने को मिल रही है। हवा की रफ्तार कम होने से इन दिनों उमस भरी गर्मी सता रही है। 11 जून से यूपी में प्री-मानसून बारिश की भी शुरुआत होने वाली है। जिसके बाद बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, यूपी में 24 जून तक मानसून की एंट्री हो सकती है, जिसके बाद 10 दिनों में यह पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा। आइए जानते हैं कि आज यूपी का मौसम कैसा रहने वाला है।
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को पूरी यूपी में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है। आज सुबह से ही अधिकांश जिलों में तेज धूप निकली हुई है। हालांकि कुछ जगहों पर मौसम में बदलाव देखने को मिला। जालौन में सुबह साढ़े 8 बजे अचानक तेज बारिश हुई। करीब आधे घंटे तक बारिश का सिलसिला जारी रहा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। IMD ने सुबह 9:30 बजे अगले तीन घंटों के लिए यूपी के कई जिलों में आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
यूपी में अगले 3 घंटों के लिए बारिश का अलर्ट
यूपी में अगले तीन घंटों के दौरान लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अमेठी, प्रतापगढ़, रायबरेली, कौशांबी, चित्रकूट,बांदा, महोबा,झांसी, हमीरपुर,फतेहपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात,उन्नाव, कन्नौज, जालौन, इटावा, औरेया और अयोध्या मौसम बिगड़ा रहने की संभावना है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। कहीं-कहीं हवाओ की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है।
यूपी में फिर होगी लू की वापसी
मौसम विभाग के अनुसार यूपी में अब पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त हो गया है। जिसके कारण आगामी 2-3 दिनों में बारिश की संभावना नहीं है। इस दौरान कुछ जिलों में लू चलने का अलर्ट है। ऐसे में तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है। हालांकि स्थानीय मौसम सिस्टम के प्रभाव से एक दो जगहों पर बरसात दर्ज हो सकती है।
