शहर

UP : जरूरत पर घर पहुंचेगी LPG गैस, आवश्यकता पड़ने पर लेने जाएं पेट्रोल-डीजल, लाइन न लगाएं; CM योगी ने की बड़ी अपील

उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में पेट्रोल-डीजल और एलपीजी रसोई गैस की कमी की अफवाहों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से अपील की है कि जब आपकी बारी आएगी रसोई गैस पहुंच जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर ही पेट्रोल डीजल लेने जाएं, लाइन लगाने की आवश्यकता नहीं है।

Image

डीजल-पेट्रोल और गैस की अफवाहों पर बोले सीएम योगी

लखनऊ : दुनिया में चल रहे ईरान-इजराइल युद्ध (Iran-Israel conflict) के बीच कई देशों में अस्थिरता का माहौल देखने को मिल रहा है। इसी पृष्ठभूमि में भारत में भी पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कमी को लेकर अफवाहें फैलने लगी हैं। हालांकि सरकार और जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों ने स्पष्ट किया है कि देश में ईंधन और एलपीजी की सप्लाई सामान्य है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। वहीं, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि फ्यूल या गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर गौर न करें। जब आपकी बारी आएगी आपतक रसोई गैस पहुंच जाएगी। लिहाजा जब आवश्यकता हो तभी पेट्रोल डीजल लेने जाइये, लाइन लगाने की आवश्यकता क्यों है?

सीएम योगी ने कहा कि इस गल्फ वॉर के पहले अगर किसी के घर रसोई गैस का सिलेंडर एक महीने चल जाता था,तो आज वह 5वे,छठवे दिन ही वह सिलेंडर लेने क्यों पहुंच रहा है,जब नम्बर आएगा तो रजिस्ट्रेशन करवाएं,रसोई गैस घर तक पहुंच जाएगी।

सरकार की ओर से कहा गया है कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत सुरक्षित है और विकास की गति भी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय हालात लंबे समय तक बने रहते हैं तो उसका असर दुनिया के कई देशों पर पड़ सकता है, इसलिए लोगों को मानसिक रूप से तैयार रहने की जरूरत है, लेकिन अफवाहों पर भरोसा करने की नहीं।

सीएम ने की ये अपील

लोगों से अपील की गई है कि किसी भी राष्ट्रीय चुनौती के समय सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना ही सच्ची राष्ट्रभक्ति है। अगर देशहित में सरकार कोई फैसला लेती है तो नागरिकों को भी उसके लिए तैयार रहना चाहिए। इस बीच कुछ जगहों पर देखा गया है कि लोग जरूरत से ज्यादा रसोई गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल लेने के लिए पंपों और एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। अधिकारियों ने सवाल उठाया कि अगर पहले किसी घर में गैस सिलेंडर एक महीने चलता था तो लोग पांच-छह दिन में ही नया सिलेंडर लेने क्यों पहुंच रहे हैं। इससे अनावश्यक भीड़ और अफरा-तफरी की स्थिति पैदा होती है।

सरकार का कहना है कि गैस सिलेंडर की सप्लाई पहले की तरह ही होम डिलीवरी के माध्यम से जारी रहेगी और लोगों को एजेंसियों पर लाइन लगाने की जरूरत नहीं है। प्रदेश के सभी जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि उपभोक्ताओं तक समय पर गैस सिलेंडर पहुंचाया जाए।

अधिकारियों ने यह भी कहा कि कुछ लोग अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे अनावश्यक घबराहट पैदा हो रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे केवल जरूरत होने पर ही पेट्रोल-डीजल या गैस लें और किसी भी तरह के दुष्प्रचार से दूर रहें। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि देश में सभी जरूरी वस्तुओं की सप्लाई सामान्य है और लोगों को संयम बनाए रखते हुए अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article