जलाना : इन दिनों पेट्रोल पंपों पर दोपहिया वाहन चालकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल का स्टॉक अस्थायी रूप से खत्म होने के कारण लोगों के बीच चिंता का माहौल बन गया है। जहां पेट्रोल उपलब्ध है, वहां लंबी कतारें लग रही हैं और लोग ज्यादा मात्रा में पेट्रोल भरवाने के लिए पहुंच रहे हैं। जानकारी के मुताबिक इस स्थिति के पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं। पेट्रोल पंप पर बढ़ती लोगों की कतार को देखते हुए जिला आपूर्ति अधिकारी का आदेश दो पहिया वाहन को अधिकतम 200 का पेट्रोल पंप और चार पहिया वाहन को अधिकतम 2000 का पेट्रोल दिया जाएगा।
क्या कहता पेट्रोल भरवाने का नियम
मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से जिला प्रशासन ने जीवनावश्यक वस्तु अधिनियम 955 के तहत विशेष आदेश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार, दोपहिया वाहनों के लिए अधिकतम 200 रुपये और तीन पहिया और चार पहिया वाहनों के लिए 2000 रुपये तक फ्यूल भरवाने की सीमा तय की गई है।
पिछले सप्ताह लगातार बैंक छुट्टियां होने की वजह से कई पेट्रोल पंप डीलरों का भुगतान समय पर नहीं हो सका। भुगतान में देरी के कारण तेल कंपनियों की ओर से सप्लाई कुछ समय के लिए प्रभावित हुई। इसके साथ ही तेल कंपनियों द्वारा क्रेडिट पर पेट्रोल-डीजल देने पर रोक लगाए जाने से भी डीलरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
इन परिस्थितियों के चलते शहर के कुछ पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल का स्टॉक अस्थायी रूप से खत्म हो गया। हालांकि जिन पंपों पर पेट्रोल उपलब्ध है, वहां लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही है। बताया जा रहा है कि पेट्रोल की कमी की अफवाहों ने भी हालात को और गंभीर बना दिया है। अफवाहों के चलते कई लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल भरवाने के लिए पंपों पर पहुंच रहे हैं, जिससे लंबी कतारें लग गई हैं।
पेट्रोल पंप संचालकों ने लोगों से अपील की है कि वे घबराकर पेट्रोल भरवाने के लिए भीड़ न लगाएं। उनका कहना है कि सप्लाई जल्द ही सामान्य हो जाएगी और किसी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है। स्थानीय प्रशासन और पंप संचालकों का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जल्द ही पेट्रोल की आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है। लोगों से भी अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल भरवाएं, ताकि अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति न बने।
