शहर

MP News: बिन मौसम की बरसात पड़ी भारी, आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत

  • Agency by: Agency
  • Updated Nov 27, 2023, 06:40 PM IST

मध्य प्रदेश के कई जिलों में हो रही बेमौसम बरसात काफी भारी पड़ी, प्रदेश के कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से अभी तक चार लोगों की जान जा चुकी हैं।

Image

मध्य प्रदेश के कई जिलों में गिरी आकाशीय बिजली

MP News: मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बारिश के बाद पिछले 24 घंटे में आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई और एक लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया। रविवार को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। अधिकारियों ने बताया कि धार जिले के उमरबन गांव में रविवार शाम मोटरसाइकिल से घर लौटते समय एक दंपति और उनके नाबालिग बेटे पर आकाशीय बिजली गिर पड़ी।

झाबुआ में भी गई एक किसान की जान

उमरबन पुलिस चौकी के प्रभारी प्रकाश अलावा ने बताया कि बिजली की चपेट में आने से मुकेश (28) और उनकी पत्नी चंपा (27) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 10 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से झुलस गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पेटलावद के पुलिस उपमंडल अधिकारी सौरभ तोमर ने बताया कि झाबुआ जिले में रविवार शाम को झावलिया गांव में अपने खेत में काम करते समय बिजली गिरने से लुंगजी कटारा नामक 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।

IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

सिलावड पुलिस थाने के उपनिरीक्षक अयूब शेख ने बताया कि बड़वानी जिले के जुनाझिरा गांव में रविवार दोपहर बिजली गिरने से 48 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है जिसके तहत सोमवार को मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका व्यक्त की गई है।

End of Article