Jodhpur Sisters Death: जोधपुर के मनाई गांव में खुशियों का माहौल उस समय शोक में बदल गया, जब शादी वाले घर में दो सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अधिकारियों का कहना है कि, दोनों युवतियों ने कथित रूप से कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था। 25 वर्षीय शोभा और 23 वर्षीय विमला का विवाह शनिवार को निर्धारित था। शुक्रवार रात तक घर में शादी की तैयारियां पूरे उत्साह के साथ चल रही थीं। इसी बीच अचानक यह दर्दनाक घटना सामने आई। परिजनों ने जब दोनों को खोजा, तो वे अचेत अवस्था में मिलीं। तुरंत उन्हें जोधपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने सभी के मन में सवाल खड़े कर दिए है।
अचानक बिगड़ी तबीयत
एडीसीपी रोशन मीणा के अनुसार, शुक्रवार देर रात तक घर में शादी का उत्सव चलता रहा। करीब आधी रात के समय दोनों होने वाली दुल्हनें अपने कमरे में आराम करने चली गईं। उन्होंने बताया कि तड़के लगभग 4 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। घबराए परिजन तुरंत उन्हें एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर घर लाए गए और अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी गईं।
मामले की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को रुकवा दिया। अधिकारियों ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया, जहां आवश्यक जांच के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दोनों बहनों ने संभवतः कोई जहरीला पदार्थ खाया था, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटनास्थल से पुलिस को कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
(इनपुट - पीटीआई)
