शहर

गुजरात के सुरेंद्रनगर और अमरेली में दर्दनाक सड़क हादसे; तीन किशोरों समेत 5 की मौत, तीन घायल

गुजरात के सुरेंद्रनगर और अमरेली जिलों में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन किशोर सहित पांच लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को इस घटना की जानकारी दी।

Image

गुजरात में दो अलग-अलग जगहों पर सड़क हादसे

Photo : Times Now Digital

Gujarat News: गुजरात के सुरेंद्रनगर और अमरेली जिलों में अलग-अलग सड़क हादसों में तीन किशोरों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को जानकारी दी। एक अधिकारी के मुताबिक, सुरेंद्रनगर-ध्रांगधरा मार्ग पर दुधरेज रेलवे फाटक के पास आधी रात को एक ट्रक और मोटरसाइकिल की टक्कर हुई, जिसमें तीन युवकों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

‘ए’ डिवीजन पुलिस थाने के निरीक्षक आर. एम. संगाडा ने बताया कि दुर्घटना में दिव्यांश परमार (18), इमरान मोवर (16) और अफजल सिपाई (22) की जान चली गई। तीनों सुरेंद्रनगर कस्बे के निवासी थे और शहर लौट रहे थे, जब उनकी मोटरसाइकिल की भिड़ंत विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से हो गई। इस टक्कर में तीनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।

एक अन्य दुर्घटना में, शनिवार रात अमरेली जिले के सावरकुंडला-महुवा रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी, जिससे एक महिला और 14 वर्षीय एक लड़के की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सावरकुंडला पुलिस थाने के निरीक्षक सीएन कुगासिया के मुताबिक, दुर्घटना के बाद अज्ञात चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि परिवार के पांच सदस्य सावरकुंडला शहर के बाहरी इलाके में स्थित एक रेस्तरां में रात के खाने के बाद दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों से घर लौट रहे थे, जब यह हादसा हुआ।

अधिकारी ने बताया कि सावरकुंडला-महुवा मार्ग पर अनजाने में विपरीत दिशा में जाते समय एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 58 वर्षीय वनिता जोशी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 14 वर्षीय जय जोशी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिवार के तीन अन्य सदस्य भी इस दुर्घटना में घायल हुए हैं।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article