शहर

सराय काले खां से 2 नए रैपिड रेल कॉरिडोर को जल्द मिल सकती है मंजूरी, इन पड़ोसी राज्यों को जोड़ने की प्लानिंग

सराय काले खां से शुरू होने वाले दो नए रैपिड रेल कॉरिडोर के प्रस्ताव को जल्द ही मंजूरी मिलने की उम्मीद है, जो एनसीआर में हाई-स्पीड ट्रांजिट नेटवर्क को और मजबूत करेंगे। केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि इससे दिल्ली और पड़ोसी राज्यों के बीच यात्रा का समय काफी घट जाएगा। यह स्टेशन दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस और भविष्य के रैपिड रेल कॉरिडोर के लिए एक महत्वपूर्ण इंटरचेंज हब के रूप में विकसित होगा।

Image

सराय काले खां से दो नए रैपिड रेल कॉरिडोर (फोटो: ANI/PTI)

केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को बताया कि सराय काले खां से शुरू होने वाले दो नए रैपिड रेल कॉरिडोर के प्रस्ताव को जल्द ही मंजूरी मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि यह विस्तार राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में ’हाई-स्पीड ट्रांजिट नेटवर्क’ को और मजबूत करेगा।

दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) के तहत सराय काले खां स्टेशन के उद्घाटन अवसर पर खट्टर ने बताया कि प्रस्तावित कॉरिडोर से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बेहतर होगी और दिल्ली तथा पड़ोसी राज्यों के बीच यात्रा का समय कम होगा। उन्होंने कहा कि इन कॉरिडोरों में से एक सराय काले खां से हरियाणा के करनाल तक बनाया जाएगा, जिससे लगभग 125–130 किलोमीटर की दूरी सिर्फ डेढ़ घंटे में तय की जा सकेगी।

दूसरा कॉरिडोर सराय काले खां किनसे जोड़ेगा?

मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि प्रस्तावित दूसरा कॉरिडोर सराय काले खां को हरियाणा के बाबरपुर और राजस्थान के नीमराना से जोड़ेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मेरठ से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सराय काले खां स्टेशन का उद्घाटन किया। यह स्टेशन दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस और भविष्य में विकसित होने वाले रैपिड रेल कॉरिडोर के लिए एक महत्वपूर्ण इंटरचेंज हब के रूप में काम करेगा। खट्टर ने कहा कि सराय काले खां स्टेशन एनसीआर में आने वाले परिवहन योजनाओं के अगले चरण का आधार बनेगा। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली के तेजी से विकसित हो रहे आर्थिक केंद्र के रूप में उभरने के मद्देनजर रैपिड रेल और मेट्रो नेटवर्क का विस्तार बेहद जरूरी है।

नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो को मिली रफ्तार

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को शताब्दी नगर के नमो भारत स्टेशन पर मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस कदम से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और शहरी परिवहन के विकास को बड़ी गति मिली है। पीएम मोदी का स्वागत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के राज्य अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मेरठ में किया। इसके बाद उन्होंने शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पहुंचकर मेट्रो और ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।

प्रधानमंत्री ने 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित किया। इसके साथ ही आरआरटीएस के शेष खंडों का भी उद्घाटन किया गया, जिनमें दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक 5 किलोमीटर और उत्तर प्रदेश में मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किलोमीटर शामिल हैं। पीएम मोदी ने मेरठ साउथ स्टेशन तक मेट्रो की सवारी की और यात्रियों तथा छात्रों के साथ बातचीत की। इस दौरान दो छात्रों ने उन्हें कुछ चित्र भी दिखाए। नमो भारत ट्रेन 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली भारत की पहली क्षेत्रीय तीव्र पारगमन प्रणाली है। इसके माध्यम से साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे प्रमुख शहरी केंद्र दिल्ली से तेजी से जुड़ पाएंगे।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article