शहर

कोटा-जयपुर पर भीषण सड़क हादसा; ट्रेलर से टकराई कार, एक महिला समेत पांच की मौत

राजस्थान के जयपुर जिले के चाकसू में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई। कोटा–जयपुर एनएच-52 पर तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मृतक सभी मध्य प्रदेश के जबलपुर के निवासी बताए जा रहे हैं, और मामले की जांच जारी है।

Image

कोटा-जयपुर हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Jaipur Road Accident: राजस्थान के जयपुर जिले के चाकसू क्षेत्र में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। बताया जा रहा है कि, कोटा–जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-52) पर सुबह लगभग 5:30 बजे तेज रफ्तार से जा रही एक कार सामने चल रहे ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मृतक सभी मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी थे। चाकसू थाना प्रभारी मनोहर लाल मेघवाल ने बताया कि यह हादसा टिगरिया मोड़ के पास हुआ। कार मध्य प्रदेश से जयपुर की ओर आ रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को झपकी आ जाने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर ट्रेलर से टकरा गया।

जबलपुर के थे मृतक

टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे लोग बुरी तरह फंस गए। हादसे में एक महिला सहित चार लोगों की घटनास्थल पर ही जान चली गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल एक युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान अखिलेश श्रीवास्तव की पत्नी रेशमा श्रीवास्तव, राजेश राय के पुत्र पीयूष राय, बबलू रजक के बेटे रजक राहुल और वाहन चालक अनुराग के रूप में हुई है। पांचवें मृतक की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है। रजक राहुल जबलपुर शहर का निवासी बताया गया है।

नेशनल हाईवे लगा जाम

दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात काफी देर तक प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दुर्घटना राहत दल मौके पर पहुंच गए और स्थिति को संभाला। क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात को दोबारा सुचारु किया गया।

मामले की जांच जारी

इस गंभीर हादसे के बाद आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। मृतकों के शवों को चाकसू उप-जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। एक्सीडेंट पुलिस स्टेशन (सेकंड) के इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर जय सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी गई है और मामले की आगे की जांच जारी है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article