Morena Accident News: मध्य प्रदेश के मुरैना में एक ट्रक और ट्रैक्टर ट्रॉली के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में 2 कांवड़ियों की मौत हो गई है और एक दर्जन से अधिक कावड़िए घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि ये हादसा मुरैना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे 44 देवरी गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार कावड़िए कांवड़ के लिए गंगाजल लेने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि कांवड़ लेने के लिए ये लोग खड़ियाहार गांव से उत्तर प्रदेश के गंगा घाट सोरों जा रहे थे। उसी दौरान मुरैना में वह हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को ग्वालियर रेफर किया गया है।
