Kushinagar News: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक चिंताजनक घटना सामने आई। जानकारी के मुताबिक, यहां सेवरही नगर स्थित एक विद्यालय के 26 बच्चे एक साथ बीमार पड़ गए। बताया जा रहा है कि स्कूल के पास भांग जलाने से फैले जहरीले धुएं के कारण बच्चों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। सभी प्रभावित बच्चों को तुरंत CHC सेवरही में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज शुरू किया। इस घटना के बाद से पूरे प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
11 बच्चों को जिला अस्पताल रेफर किया गया
हालत गंभीर होने पर 11 बच्चों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही तमकुहीराज के एसडीएम मौके पर पहुंचे और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में लिया। वहीं, डीएम महेंद्र तंवर और एसपी भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और अभिभावकों में बच्चों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मामले की गहन जांच के निर्देश
जिलाधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल के पास उगी झाड़ियों और खरपतवार को हटाने के लिए आग लगाई गई थी। इसी दौरान भांग जलने के कारण उठे घने और विषैले धुएं की चपेट में आने से बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। राहत की बात यह है कि सभी बच्चे अब सुरक्षित बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने पूरे मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं।
आखिर किसने दी स्कूल के पास आग लगाने की इजाजत?
आधिकारिक जांच में यह पता लगाया जाएगा कि रिहायशी क्षेत्र और स्कूल के इतने नजदीक आग लगाने की अनुमति किसने दी। जिलाधिकारी ने साफ कहा है कि अगर किसी भी तरह की लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एहतियात के तौर पर कुछ बच्चों को जिला मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
