Motihari Toxic Liquor Case: पूर्वी चंपारण के मोतिहारी जिले में जहरीली शराब कांड ने गंभीर रूप ले लिया है, जहां मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रविवार को जहरीली शराब पीने से बीमार पड़े दो और लोगों की मौत हो गई, जिससे अब तक मरने वालों की कुल संख्या नौ पहुंच गई है। मृतकों में तुरकौलिया निवासी इलियास और शंकर सरैया के योधा मांझी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इलियास ने घर पर ही दम तोड़ दिया, जबकि योधा मांझी की इलाज के दौरान मौत हुई। इस घटना में जहरीली शराब के सेवन से बीमार हुए आठ अन्य लोगों का फिलहाल सदर अस्पताल में इलाज जारी है।
12 लोगों को किया गया गिरफ्तार
इससे पहले, जिला मजिस्ट्रेट सौरभ जोरवाल ने बताया कि मोतिहारी के तुरकौलिया और रघुनाथपुर इलाकों में हुई मौतों के सिलसिले में कम से कम 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह भी बताया कि कई लोग अब भी अस्पताल में भर्ती हैं।
रघुनाथपुर इलाके में अवैध शराब का सेवन
तुरकौलिया पुलिस थाने के प्रभारी को कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में पहले ही निलंबित कर दिया गया है। घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि एक पीड़ित ने रघुनाथपुर इलाके में अवैध शराब का सेवन किया था।
राज्य में राजनीतिक खींचतान शुरू
जिलाधिकारी ने शनिवार को बताया, "पुलिस ने शराब आपूर्तिकर्ता की पहचान कर ली है। जिला पुलिस और शराब विरोधी कार्य बल (एएलटीएफ) की एक टीम परसौनी, मुशहरी टोला और तुरकौलिया में तलाशी अभियान चला रही है। घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।" इन मौतों के कारण राज्य में राजनीतिक खींचतान शुरू हो गई है, जहां 2016 से शराब की बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध लगा हुआ है।
