शहर

MP में जंगल के बीच बनेगा फोर-लेन हाईवे, उत्तर से दक्षिण का सफर होगा सुपरफास्ट! किसानों-व्यापारियों को बड़ा फायदा

मध्य प्रदेश के इटारसी-बैतूल सेक्शन में 22 किमी लंबे टाइगर कॉरिडोर को फोर-लेन हाईवे बनाने की मंजूरी मिल गई है। इसके लिए केंद्र सरकार ने 758 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इससे उत्तर-दक्षिण कनेक्टिविटी बेहतर होगी, साथ ही यात्रा का समय घटेगा और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। परियोजना में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए अंडरपास-ओवरपास का भी निर्माण किया जाएगा।

Image

758 करोड़ में ‘टाइगर कॉरिडोर' बनेगा फॉर-लेन हाईवे (AI Image)

Tiger Corridor MP: मध्य प्रदेश में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। भोपाल में इटारसी-बैतूल सेक्शन में 22 किलोमीटर लंबे ‘टाइगर कॉरिडोर’ को फोर-लेन हाईवे में बदलने की योजना बनाई जा रही है। इस प्रोजेक्ट के लिए केंद्र सरकार ने 758 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद न केवल कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

नागपुर से सीधे जुड़ेगा बैतूल

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस फैसले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि इस फोर-लेन सड़क के निर्माण से इटारसी-बैतूल क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल जाएंगी। यह कॉरिडोर बैतूल को सीधे नागपुर से जोड़ेगा, जिससे उत्तर और दक्षिण हिस्से के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। इस मार्ग के बनने के बाद लोगों के लिए यात्रा आसान, तेज और सुरक्षित हो जाएगी। खासतौर पर माल ढुलाई में समय बचेगा, जिससे व्यापार और उद्योग को भी फायदा मिलेगा।

किसानों से कारोबार तक, सबको मिलेगा फायदा

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि यह इलाका कृषि के लिहाज से बहुत महत्वपूर्ण है। साथ ही यहां कोयला, तांबा, ग्रेफाइट और लेड-जिंक जैसे खनिज भी पाए जाते हैं। सड़क के चौड़ीकरण से किसानों को अपनी फसल बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी और ट्रांसपोर्ट के खर्च में भी बचत होगी।

टाइगर कॉरिडोर में बनेंगे अंडरपास और ओवरपास

इस परियोजना की खास बात ये है कि इसमें वन्यजीवों की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। सड़क पर 11 विशेष अंडरपास और ओवरपास बनाए जाएंगे। जिससे जानवर सुरक्षित रूप से सड़क को पार कर सकें। इससे रोड एक्सीडेंट में कमी आएगी और वन्यजीवों की जान भी बचेगी।

पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा

इस परियोजना के पूरा होने के बाद पूरा ग्वालियर-बैतूल कॉरिडोर फोर-लेन बन जाएगा। इससे पहाड़ी इलाकों में यात्रा सुरक्षित होगी और टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा। खासतौर पर माधव नेशनल पार्क, रतापानी और सतपुड़ा टाइगर रिजर्व जैसे पर्यटन स्थलों तक लोग आसानी से पहुंच सकेंगे। कुल मिलाकर, यह टाइगर कॉरिडोर न केवल यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास और पर्यटन को भी नई गति देगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!