शहर

अंबिकापुर में चोरों का फिल्मी स्टाइल! कांग्रेस दफ्तर में चोरी के बाद छोड़ गए ‘लव मैसेज’

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में कांग्रेस जिला कार्यालय में चोरों ने तीसरी बार चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने बाथरूम से 72 स्टील की टोटियां चुरा लीं और फर्श पर 'I Love You Ambikapur' लिखकर फरार हो गए। इस घटना के बाद कांग्रेस नेताओं ने कानून व्यवस्था और पुलिस गश्त पर सवाल उठाए हैं।

Image

अंबिकापुर में कांग्रेस कार्यालय में चोरी

Photo : Times Now Digital

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में चोरों ने एक बार फिर कांग्रेस के जिला कार्यालय ‘राजीव भवन’ को निशाना बनाया है। इस बार चोरों ने बाथरूम से करीब 72 स्टील की टोटियां चुरा लीं। इतना ही नहीं, चोरों ने जाते-जाते फर्श पर 'I LOVE U AMBIKAPUR' लिखकर पुलिस को खुली चुनौती भी दे डाली। गांधी चौक स्थित इस कार्यालय में हुई चोरी ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

तीसरी बार चोरों का निशाना बना 'राजीव भवन'

यह घटना अंबिकापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में गांधी चौक में हुई की है, जिसे शहर का वीआईपी इलाका माना जाता है। सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि राजीव भवन में यह तीसरी बार चोरी की वारदात हुई है। चोरों ने बहुत आसानी से बाथरूम के कीमती नल और फिटिंग्स निकाल लिए, जिसके बाद आरोपियों द्वारा इस तरह फर्श पर मैसेज लिखने से यह साफ है कि उन्हें किसी का डर नहीं था।

सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की रात्रि गश्त पर उठे सवाल

इस घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक मौके पर पहुंचे और कार्यालय का मुआयना किया। उन्होंने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि शहर में नशेड़ी और असामाजिक तत्व लगातार सक्रिय हैं और पुलिस उन्हें रोकने में नाकाम साबित हो रही है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शहर में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं और पुलिस की रात की गश्त सिर्फ कागजों में हो रही है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब राजनीतिक दलों के कार्यालय ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। इस घटना ने शहर की बिगड़ती कानून व्यवस्था और पुलिसिंग पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हालांकि लगातार तीसरी बार हुई चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर चिंता बढ़ा दी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article