Thane Road Accident: महाराष्ट्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया। जानकारी के मुताबिक, ठाणे जिले में राज्य परिवहन निगम की एक बस ने एक एसयूवी कार को टक्कर मारी जिससे उसमें सवार चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि, बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फिलहाल जांच जारी है। महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की बस और 'स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल' (एसयूवी) की टक्कर मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे मुरबाड तालुका के टोकावडे में हुई।
4 लोगों की मौत, चार अन्य घायल
टोकावडे थाने के निरीक्षक शीतलकुमार नाइक से मिली सूचना के अनुसार एसयूवी सवार आठ लोगों में दो नाबालिग भी शामिल थे। दुर्घटना के वक्त वाहन के मालिक तथा चालक समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य चार लोग घायल हो गए। फिलहाल घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है। शीतलकुमार नाइक ने कहा, "भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और मोटर वाहन (एमवी) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत एमएसआरटीसी बस चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।"
मामले की जांच जारी
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि, शवों को पोस्टमोर्टम के लिए अस्पताल ले जाया गया। अधिकारी ने बताया कि मामले में फिलहाल किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है और मामले की जांच की जा रही है। मुरबाड के तहसीलदार अभिजीत देशमुख के अनुसार, मृतकों की पहचान अविनाश काकड़े, अभिषेक मोटे, नीता धुरे और मीना मडके के रूप में हुई है। ये सभी अहिल्यानगर जिले के नेवासा से थे। वहीं इस रास्ते पर महज एक महीने से भी कम समय में यह दूसरी बड़ी सड़क दुर्घटना बताई जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले 13 अप्रैल को जिले में एक वैन और सीमेंट मिक्सर ट्रक की टक्कर में 11 लोगों की जान चली गई थी।
