Surat Cyber Fraud Case: सूरत की एक महिला के साथ एक चौंकाने वाली साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें आरोपियों ने उसे डिजिटल गिरफ्तारी का झांसा देकर कुल 19.91 लाख रुपये ठग लिए। ठग ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए महिला को फोन किया और बताया कि मुंबई एयरपोर्ट पर भेजे गए उसके एक पार्सल से एमडी ड्रग्स बरामद हुए हैं।
इसके बाद महिला को डराने के लिए आरोपियों ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के फर्जी लोगो वाला एक नकली नोटिस भी भेजा। आरोपी ने महिला पर दबाव बनाकर उसे बैंक एप्लिकेशन से लोन लेने के लिए मजबूर किया और फिर उस लोन की रकम को ऑनलाइन अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिया। पूरी ठगी की रकम 19.91 लाख रुपये रही। महिला ने घटना की शिकायत साइबर क्राइम शाखा में की, जिसके बाद जांच शुरू हुई।
बैंक खाता साइबर ठगों को दिया
जांच में पता चला कि ठगी की राशि राधनपुर निवासी हिरेन पटेल के खाते में जमा हुई थी। पुलिस ने हिरेन को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में हिरेन ने कबूल किया कि उसने 2.81 लाख रुपये कमीशन लेकर अपना बैंक खाता साइबर ठगों को किराए पर दिया था। उसके बैंक खाते पर पहले से नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर 14 मामले दर्ज हैं, जिनमें 4 तमिलनाडु, 3 महाराष्ट्र, 2 पश्चिम बंगाल, 2 कर्नाटक, और गुजरात, हरियाणा, झारखंड में 1-1 मामला शामिल है। फिलहाल पुलिस हिरेन पटेल से पूछताछ कर रही है और पूरे गिरोह की तलाश में जांच आगे बढ़ा रही है।
