शहर

Noida News : एग्जाम के बाद पार्टी पड़ी भारी, पानी में डूबने से छात्र की मौत

यूपी के नोएडा के सेक्टर-94 में खुले गड्ढे के पानी में डूबकर निजी यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्र की डूबकर मौत हो गई।

Image

सांकेतिक फोटो-Istock

नोएडा : सेक्टर-94 इलाके में एग्जाम के बाद पार्टी करना चार छात्रों के लिए भारी पड़ गया। थाना सेक्टर-126 क्षेत्र में स्थित एक खुले गड्ढे में भरे पानी में डूबने से एक छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और एक बार फिर खुले गड्ढों को लेकर प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के मुताबिक, पास की एक निजी यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले चार छात्र एग्जाम खत्म होने के बाद जश्न मनाने के लिए सेक्टर-94 पहुंचे थे। पार्टी करने के बाद सभी छात्र पास में ही मौजूद पानी से भरे गड्ढे में नहाने के लिए कूद गए। इसी दौरान एक छात्र गहराई का अंदाजा न लगा पाने की वजह से डूब गया। उसके साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर जांच

घटना की सूचना मिलते ही नोएडा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से छात्र को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में डीसीपी नोएडा साद मियां खान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने का लग रहा है, हालांकि गड्ढे की गहराई और वहां सुरक्षा इंतजामों की कमी को लेकर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह भी देखा जाएगा कि गड्ढा किस एजेंसी के अंतर्गत आता है और उसमें सुरक्षा के क्या इंतजाम थे।

नोएडा अथॉरिटी की कार्यप्रणाली पर सवाल

इस घटना के बाद एक बार फिर नोएडा अथॉरिटी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में कई जगह इस तरह के खुले और गहरे गड्ढे हैं, जो हादसों को न्योता दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। लेकिन, एक बार फिर खुले गड्ढों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

डीसीपी साद मियां खान ने बताया कि कुछ देर पहले कुछ बच्चों के यहां डूबने की सूचना मिली थी उसके बाद तत्काल सूचना पर सारे हमारे डिपार्टमेंट पुलिस, फायर और एसडीआरएफ, एनडीआरएफ की टीम यहां मौके पर आई और रेस्क्यू किया गया। जिसमें एक लड़का उसकी मृत्यु हो गई है। बाकी स्टूडेंट रेस्क्यू कर लिए गए हैं। मृतक के बॉडी को पीएम के लिए भेज दिया गया उनके परिजनों से बात चल रही है। प्रथम दृश्य या सामने आया है कि एग्जाम खत्म होने के बाद य पिकनिक मनाने के लिए यहां आए थे उसके बाद यह घटना हुई है मृतक की 23 साल उम्र बताई जा रही है बाकी तथ्यों पर जांच की जा रही है। फैक्ट ऑफ कैस क्या हैं उसकी जांच की जा रही है यह पिकनिक के लिए आए थे पार्टी के दौरान यह घटना हुई।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस घटना के बाद एक बार फिर खुले गड्ढों को लेकर नोएडा प्राधिकरण पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इंजीनियर युवराज मेहता के मौत के बाद लगातार ऑथोरिटी दावे कर रहा था कि इस तरह के गड्ढों को चिन्हित कर उसको बेरीगेटिंग और रिफ्लेक्टर लगाया जाएगा, हालांकि गड्ढों की स्थिति जस की तस बनी हुई है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!