शहर

इस 6 लेन के नए ब्रिज से गंगा पार जाना होगा आसान, अप्रैल में हो सकता है उद्घाटन

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कच्ची दरगाह पहुंचकर यहां बन रही 19.76 किमी लंबी एक अहम सड़क परियोजना का निरीक्षण किया। इस परियोजना के तहत गंगा नदी पर 9.76 किमी लंबा 6 लेन का एक पुल भी बनाया जा रहा है। इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।

Image

अप्रैल में हो सकता है कच्ची दरगाह-बिदुपुर रोड कम ब्रिज परियोजना का उद्घाटन

बिहार में एक और बड़ी सड़क परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है और इसके अगले 2 महीने में पूरा होने की उम्मीद है। उम्मीद की जा रही है कि राज्य की बहुप्रतीक्षित कच्ची दरगाह-बिदुपुर रोड कम ब्रिज परियोजना अप्रैल तक तैयार हो जाएगी और आम जनता के लिए खोल दी जाएगी। यह परियोजना काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि 19.76 किलोमीटर लंबी छह लेन की यह परियोजना उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सीधी और तेज कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी। इस परियोजना के पूरा हो जाने से इसके समानांतर पहले से मौजूद महात्मा गांधी सेतु पर भी ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा।

सीएम नीतीश कुमार ने लिया निर्माण कार्य का जायजा

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कल यानी रविवार 8 फरवरी को कच्ची दरगाह पहुंचकर कर 9.76 किलोमीटर लंबे छह लेन पुल और 10 किलोमीटर लंबे एप्रोच रोड के निर्माण कार्य का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि परियोजना का अधिकांश काम पूरा हो चुका है और शेष काम भी तय समयसीमा के अंदर अप्रैल तक पूरा कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने नियमित निरीक्षण और गुणवत्ता बनाए रखने पर खास जोर दिया।

दो नेशनल हाईवे से जुड़ेगा यह मार्ग

इस परियोजना का एक छोर पटना जिले के NH-30 पर कच्ची दरगाह में है, जबकि दूसरा छोर वैशाली जिले के एनएच-103 पर बिदुपुर में जुड़ता है। इस परियोजना का काम पूरा हो जाने के बाद पटना में गंगा पर तीन बड़े पुल हो जाएंगे, जिनके नाम महात्मा गांधी सेतु, जेपी गंगा सेतु और नया कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल है। गंगा पार आने-जाने के लिए यह पुल एक वैकल्पिक और काफी सुगम मार्ग उपलब्ध कराएगा।

तीन चरणों में हो रहा इस परियोजना का निर्माण कार्य

परियोजना का निर्माण तीन चरणों में किया जा रहा है। पहले चरण में वैशाली जिले के अंतर्गत आने वाली कच्ची दरगाह से राघोपुर दियारा तक 4.57 किलोमीटर सड़क का उद्घाटन 25 जून 2026 को किया जा चुका है। दूसरे चरण में हाजीपुर-महनार एनएच-122बी से चकसिकंदरपुर (एनएच-322) तक निर्माण कार्य शामिल है, जबकि तीसरे चरण में राघोपुर दियारा से हाजीपुर-महनार NH-122 तक का काम जारी है।

विकास और आपात सेवाओं को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इस पुल के चालू होने से कृषि, उद्योग और व्यापारिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी। किसी भी तरह की मेडिकल इमरजेंसी में मरीजों को पटना पहुंचने में आसानी होगी। साथ ही आमस-दरभंगा एक्सप्रेसवे को भी इस सड़क परियोजना से जोड़ने की योजना है, जिससे समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी की ओर यात्रा और अधिक सुगम हो जाएगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article