शहर

शिमला सड़क हादसा: शादी से लौटते हुए खाई में गिरी अनियंत्रित कार, पिता-पुत्र की मौत, तीन घायल

Shimla Road Accident: शिमला में एक सड़क दुर्घटना हो गई है। यहां शादी समारोह में शामिल होकर लौटते हुए बारातियों से भरी कार खाई में गिर गई। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई है और 3 लोग घायल हो गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।

Image

शिमला सड़क हादसा

Shimla Road Accident: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक कार खाई में गिर गई है। इस हादसे में एक पिता और पुत्र की मौत हो गई है, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और खाई से मृतकों के शव को बाहर निकाला गया। साथ ही हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, यह लोग कार में सवार होकर एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह के बाद वापसी के दौरान कार अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई।

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह सड़क दुर्घटना चौपाल उपमंडल में रियूनी के निकट पर हुई है। पुलिस ने बताया कि हादसे का शिकार हुआ वाहन लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया। कार में उस दौरान 5 लोग सवार थे, जिसमें से दो लोगों की मौत हो गई और तीन लोग इस हादसे में घायल हो गए।

विवाह समारोह से लौटते हुए हादसा

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना बुधवार सुबह उस समय हुई जब पांच लोग विवाह समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान रामलाल शर्मा (55) और उनके पुत्र दीपक (28) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, रामलाल की पत्नी, राजेश शर्मा और पंकज शर्मा घायल हो गए हैं। उन्हें चौपाल स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें आईजीएमसी शिमला के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें