'10 रुपये वाला बिस्कुट कितने का है जी' जैसे डायलॉग वाली वीडियो से सोशल मीडिया मशहूर हुए इन्फ्लुएंसर शादाब जकाती एक नए विवाद में फंस हुए हैं। इस बार मामला वीडियो के कंटेंट से जुड़ा हुआ नहीं है, बल्कि उनके साथ काम करने वाली महिला कलाकार (शादाब जकाती की ऑनस्क्रीन बीवी) और उसके पति के बीच छिड़े पारिवारिक विवाद का है। महिला के पति ने मेरठ के इंचौली थाने में फूट-फूटकर रोते हुए अपनी पत्नी और शादाब जकाती पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पति के आरोपों के बाद से यह मामला सोशल मीडिया पर तूल पकड़ रहा है।
थाने में पति का आरोप पत्नी और शादाब पर लगाए गंभीर आरोप
मिली जानकारी के आधार पर महिला के पति खुर्शीद उर्फ सोनू इंचौली थाने पहुंचे और पुलिस के सामने जाकर जमकर हंगामा किया। खुर्शीद ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी और शादाब जकाती मिलकर उसे जान से मारने की साजिश रच रहे हैं। खुर्शीद ने पुलिस के सामने यह भी दावा किया कि शादाब काम के बहाने उसकी पत्नी को कई-कई दिनों तक बाहर ले जाते हैं। खुर्शीद का कहना है कि उसकी पत्नी और शादाब द्वारा उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और इसका विरोध करने पर उसे गालियां और तलाक की धमकियां दी जाती हैं। पत्नी पर आरोप लगाते हुए उसने पुलिस से खुद के साथ अपने बच्चों की सुरक्षा की गुहार लगाई।
पति के आरोपों पर पत्नी का पलटवार
खुर्शीद द्वारा लगाए आरोपों पर पलटवार करते हुए उसकी पत्नी ने इरम ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर जारी कर सफाई दी। इरम ने वीडियो में कहा कि उसके पति द्वारा लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। उसने बताया कि खुर्शीद उसे प्रताड़ित करता था और घर खर्च के लिए पैसे नहीं देता था। वीडियो में इरम ने स्पष्ट किया कि वह चार बच्चों की जिम्मेदारी निभाने के लिए शादाब के साथ वीडियो बनाती है, जिसका उसे मेहनताना मिलता है। उसने यह भी दावा किया कि उसका पति उसे पहले ही तलाक दे चुका है और अब वह कानूनी रूप से अलग होना चाहती है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पति-पत्नी के विवाद में शादाब जकाती का नाम घसीटे जाने पर इरम ने कहा कि उनके बीच कोई निजी रिश्ता नहीं है, बल्कि वे केवल प्रोफेशनल तौर पर एक साथ काम करते हैं। इरम ने यह भी कहा कि वह अपनी मर्जी से काम पर जाती है और इसमें शादाब का कोई दोष नहीं है। इस बीच मेरठ पुलिस ने खुर्शीद की शिकायत दर्ज कर ली है और मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।
