शहर

सागर जहरीली शराब कांड में बड़ा एक्शन, फरार आरोपी रवि लखेरा का हुआ पुलिस से आमना-सामना; पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

Sagar Liquor Tragedy: सागर जहरीली शराब कांड में फरार चल रहे आरोपी रवि लखेरा को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम की तड़के मुठभेड़ हो गई। बारायठा थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।

Image

फरारी के बीच पुलिस के हत्थे चढ़ा रवि लखेरा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Sagar Liquor Tragedy: सागरजहरीली शराब कांड में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी रवि लखेरा को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम के साथ मुठभेड़ होने की खबर सामने आई है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे बारायठा थाना क्षेत्र में आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी गई थी। इसी दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। कार्रवाई के दौरान रवि लखेरा के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगी

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, टीम को सूचना मिली थी कि जहरीली शराब कांड का आरोपी रवि लखेरा इलाके में मौजूद है। जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की। पुलिस ने उसे रुकने के लिए कहा, लेकिन वह भागता रहा। इसके बाद पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई।

आरोपी का कराया जा रहा है इलाज

गोली लगने के बाद आरोपी घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे अपनी हिरासत में लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल आरोपी का इलाज कराया जा रहा है और उसकी स्थिति पर पुलिस की नजर बनी हुई है।

जहरीली शराब के अवैध कारोबार को लेकर पूछताछ

पुलिस अब रवि लखेरा से जहरीली शराब के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि इस पूरे मामले में आरोपी की क्या भूमिका थी और उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे। इसके अलावा पुलिस फरार चल रहे अन्य आरोपियों के ठिकानों और उनके आपसी संबंधों की जानकारी भी जुटा रही है।

अब तक कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हुई

जहरीली शराब कांड में पुलिस अब तक कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। मामले की जांच के साथ-साथ फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस रवि लखेरा को मामले का महत्वपूर्ण आरोपी मान रही है और उसके पकड़े जाने के बाद जांच में अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और पूछताछ जारी है। अनधिकृत आंकड़ों के अनुसार जहरीली शराब कांड में मृतकों की संख्या 29 पहुंच गई है। वहीं, प्रशासन की ओर से अभी तक 16 मौतों की पुष्टि हुई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article