शहर

Sagar News: बंडा जहरीली शराब कांड में बड़ी कार्रवाई, SDM और SDOP हटाए गए

Sagar Poisonous Liquor Case News: सागर में बंडा जहरीली शराबकांड में हुई मौतों के बाद SDM आरती यादव और SDOP प्रदीप वाल्मीकि को हटा दिया गया है। संजय कुमार जैन को SDM का प्रभार और रोहित ललकार को नया SDOP बनाया गया है।

Image

बंडा SDM और SDOP का तबादला (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : iStock

Sagar Poisonous Liquor Case: सागर जिले के बंडा में हुई जहरीली शराब त्रासदी के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासनिक स्तर पर गाज गिरनी शुरू हो गई है। सरकार ने बंडा के एसडीएम (SDM) और एसडीओपी (SDOP) दोनों को उनके पदों से हटा दिया है और नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। इस हादसे में अब तक 24 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि लगभग 100 लोग अलग-अलग अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं।

अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां

मध्य प्रदेश शासन के गृह विभाग और सागर कलेक्टर कार्यालय द्वारा 7 सितंबर 2026 को जारी आदेशों के मुताबिक बंडा की एसडीएम आरती यादव का तबादला कर दिया गया है। अब उन्हें कलेक्टर कार्यालय सागर में पदस्थ किया गया है। उनकी जगह डिप्टी कलेक्टर संजय कुमार जैन को बंडा का नया एसडीएम नियुक्त किया गया है। इस जिम्मेदारी के साथ ही जैन के पास शाहगढ़ के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।

नए एसडीओपी की तैनाती

गृह विभाग के आदेश पर भोपाल पुलिस मुख्यालय में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक रोहित ललकार को बंडा का नया एसडीओपी (SDOP) बनाया गया है। वहीं, बंडा में तैनात रहे एसडीओपी प्रदीप वाल्मीकि को वापस पुलिस मुख्यालय भोपाल भेज दिया गया है।

अब तक क्या-क्या कार्रवाई हुई?

गौरतलब है कि बंडा में जहरीली शराब पीने से अब तक 24 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। लगभग 100 पीड़ित अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है। इस बड़ी लापरवाही के चलते प्रशासनिक स्तर पर पहले ही तीन आबकारी अधिकारी और दो पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड किया जा चुका है। प्रशासन की ओर से लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों और लापरवाह अधिकारियों पर सख्त शिकंजा कसा जा रहा है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article