Rajasthan News: राजस्थान के मांडलगढ़ थाना क्षेत्र के मानपुरा गांव में रविवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई। 35 वर्षीय महिला संजू ने कथित तौर पर अपने दो बच्चों छह वर्षीय भैरू और 10 वर्षीय नेहा की हत्या करने के बाद आत्महत्या का प्रयास किया। मांडलगढ़ थानाधिकारी घनश्याम मीणा ने बताया कि संजू ने पहले अपने बच्चों का गला दबाया और फिर धारदार हथियार से हमला किया।
महिला ने इसके बाद उसने अपने ससुर प्रभुलाल को फोन कर बच्चों की हत्या की सूचना दी और आत्महत्या की बात कही। प्रभुलाल ने तुरंत अपने बेटे राजकुमार को इस घटना की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना के समय राजकुमार अपने व्यापारिक काम से घर के बाहर था, जबकि प्रभुलाल और उनकी पत्नी भी घर पर नहीं थे।
जानकारी के अनुसार, जब प्रभुलाल और राजकुमार घर पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद था। उन्होंने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा और देखा कि संजू फंदा लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास कर रही थी। पुलिस ने बताया कि लोगों ने महिला को फंदे से उतारा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद संजू को हिरासत में लेकर भीलवाड़ा के महात्मा गांधी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
थानाधिकारी ने बताया कि प्रभुलाल ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला का इलाज पूरा होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस जांच में यह पता चला है कि संजू किसी गंभीर बीमारी से जूझ रही थी, और इसी मानसिक तनाव में उसने यह कदम उठाया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
(इनपुट - भाषा)
