शहर

Rajasthan Weather: राजस्थान में आंधी-बारिश और ओलों का कहर, सर्द हवाओं से फिर बढ़ी ठिठुरन

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राजस्थान में मौसम अचानक बदल गया है। बुधवार को जयपुर, चूरू, झुंझुनूं सहित कई जिलों में बारिश हुई। साथ ही कहीं-कहीं ओले भी गिरे। जिससे ठंडक भी बढ़ गई है। आज 13 जिलों में ऑरेंज और 13 में येलो अलर्ट जारी किया गया है। ओलों से रबी फसलों को नुकसान होने की आशंका भी बढ़ गई है।

Image

राजस्थान में बारिश और ओलावृष्टि

Rajasthan Weather: राजस्थान में विदा ले रही ठंड के बीच एक बार फिर मौसम ने करवट बदली है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य में बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार सुबह से ही जयपुर, अलवर, टोंक, चूरू, झुंझुनूं सहित कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। इस दौरान कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। बारिश के कारण हवा में ठंडक बढ़ गई है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। जिसके कारण एक बार फिर सर्दी महसूस हो रही है।

आज राजस्थान के 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज 13 जिलों में आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 13 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बदले मौसम ने जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है, वहीं दूसरी ओर किसानों की चिंता बढ़ा दी हैं। खेतों में इस समय रबी की फसलें खड़ी है, जिनपर ओलों की मार भारी पड़ने से किसानों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

झुंझुनूं में बारिश के साथ गिरे ओले

राजस्थान में बदले मौसम का सबसे ज्यादा असर झुंझुनूं जिले के चिड़ावा क्षेत्र में देखने को मिला। यहां तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। कई जगहों पर चने के दाने जितने बड़े ओले गिरे। जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। साथ ही खेतों में खड़ी अगेती रबी फसलों को नुकसान की आशंका भी बढ़ गई है। किसानों को डर है कि ओलों की मार से उत्पादन प्रभावित हो सकता है। जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

राजसमंद में भी हुई बारिश

पश्चिमी विक्षोभ का असर राजसमंद जिले में भी देखने को मिल रहा है। जिसके कारण जिले के कुंभलगढ़, आमेट, देवगढ़ और जिला मुख्यालय के मौसम में बदलाव आया है। जिसके प्रभाव से मंगलवार को दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए और शाम होते-होते बूंदाबांदी भी शुरू हो गई। बारिश का सिलसिला देर रात तक रुक-रुक कर जारी रहा। आज सुबह भी जिले के कई क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश हुई।

20 फरवरी को बदलेगा राजस्थान का मौसम

राजधानी जयपुर में बीते कुछ दिनों से लगातार तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही थी। लेकिन मंगलवार रात को इसमें गिरावट दर्ज की गई। देर रात तेज हवाओं और बिजली चमकने के साथ मौसम में बदलाव हुआ। बुधवार सुबह करीब 4 बजे से बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। इस दौरान कई इलाकों में ओले भी गिरे। जिसके बाद सर्द हवाओं ने मौसम ठंडा कर दिया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश के बाद एक-दो दिन तक हल्की ठंड का एहसास बना रह सकता है। 20 फरवरी से मौसम में फिर बदलाव होने की संभावना है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article