Chittorgarh Collectorate Bomb Threat: चित्तौड़गढ़ के जिला कलेक्टरेट को बम धमाके की चेतावनी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं। रविवार देर रात 12:47 बजे जिला कलेक्टर की आधिकारिक NIC ई-मेल आईडी पर एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें कलेक्टरेट परिसर में पांच बम लगाए जाने और दिन के समय ब्लास्ट करने की बात कही गई थी। इस सूचना के तुरंत बाद प्रशासन और पुलिस सक्रिय हो गए, और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सभी संबंधित विभागों को तुरंत सतर्क कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
हर जगह की बारीकी से जांच
इसके बाद जिला विशेष टीम (DST), स्थानीय खुफिया विभाग, पुलिस बल, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की संयुक्त टीम ने कलेक्टरेट परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। उदयपुर से ATS टीम भी मौके पर पहुंची, जबकि IRT टीम ने परिसर की प्रत्येक जगह की बारीकी से जांच की। सुरक्षा एजेंसियों ने सभी भवनों, कमरों, गलियारों, पार्किंग क्षेत्रों और खुले स्थानों को पूरी तरह चेक किया और हर संदिग्ध जगह को डॉग स्क्वॉड की मदद से खंगाला, ताकि किसी भी प्रकार के विस्फोटक पदार्थ की उपस्थिति का पता लगाया जा सके।
प्रवेश और निकास मार्गों पर पुलिस तैनात
सुरक्षा के मद्देनजर कलेक्टरेट के सभी प्रवेश और निकास मार्गों पर पुलिस तैनात कर दी गई है और बाहरी लोगों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। ASP सरिता सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह ADM (प्रथम) को सूचना मिली कि कलेक्टर की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर धमकी भरा संदेश आया है, जिसके बाद DSB और स्थानीय IB को सूचित कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
ई-मेल भेजने वाले की साइबर जांच और ट्रैकिंग जारी
ASP ने कहा कि अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन ई-मेल भेजने वाले की साइबर जांच और ट्रैकिंग की जा रही है। इससे पहले हनुमानगढ़ कलेक्टरेट को भी इसी तरह की धमकी ई-मेल के जरिए मिली थी, जिसके बाद वहां परिसर खाली कराकर तलाशी ली गई थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कलेक्टरेट के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
