शहर

राजस्थान का मौसम (22 Mar 2026) Rajasthan Weather Today: मरुधरा में मौसम ने मारी पलटी, झमाझम बारिश से लौटी ठंड; आज 8 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 22 Mar 2026: राजस्थान की तपती रेतीली धरती पर मार्च के महीने में सूरज की जो तपिश पसीने छुड़ाने लगती थी, इस बार मौसम के बदले मिजाज ने उसे पूरी तरह गायब कर दिया है। हालांकि इससे फसलों को काफी नुकसान हुआ है। आइए IMD के हवाले से जानते हैं राजस्थान के मौसम का हाल।

Image

आज भी राजस्थान के कई जिलों में बारिश का अलर्ट

Photo : Times Now Digital

राजस्थान में आज का मौसम (22 Mar 2026): राजस्थान में गर्मी पर फिलहाल पूरी तरह ब्रेक लग गया है। पिछले 24 घंटों में बीकानेर, जैसलमेर और श्रीगंगानगर समेत पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने फिजा बदल दी है। मौसम विभाग (IMD) ने रविवार यानी 22 मार्च को प्रदेश के दौसा, करौली, जैसलमेर, बाड़मेर, जालौर, बीकानेर, नागौर और श्रीगंगानगर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

खेतों में भरा पानी, किसानों की बढ़ी चिंता

जहां आम लोगों को इस ठंडी फुहार से राहत मिली है, वहीं किसानों के लिए यह बारिश आफत बनकर आई है। जैसलमेर के रामगढ़ और कुछड़ी इलाकों में इतनी तेज बारिश हुई कि खेतों में पानी भर गया। सबसे ज्यादा नुकसान उन किसानों को हुआ है जिनकी कटी हुई फसलें खेतों में ही रखी थीं। अचानक आए इस 'आसमान से पानी' ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है।

तापमान का हाल: 2 से 8 डिग्री तक की गिरावट

बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण राजस्थान के अधिकांश शहरों में पारा सामान्य से 2 से 8 डिग्री सेल्सियस नीचे लुढ़क गया है। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि माउंट आबू में न्यूनतम पारा 9.1 डिग्री तक गिर गया। सिरोही में रात का तापमान 11.2 डिग्री रहा, जो राज्य में सबसे कम है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के लगभग सभी शहरों में रात का तापमान अब 20 डिग्री से नीचे बना हुआ है, जिससे सुबह-शाम गुलाबी ठंड महसूस की जा रही है।

अगले एक हफ्ते तक 'लू' से आजादी

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 22 मार्च को जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। राहत की सबसे बड़ी खबर यह है कि आगामी एक सप्ताह तक राजस्थान में कहीं भी 'हीटवेव' (लू) चलने की कोई संभावना नहीं है। अगले 4-5 दिनों तक अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन तापमान में अचानक बड़ी बढ़ोतरी नहीं होगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article