शहर

राजस्थान का मौसम (18 May 2026) Rajasthan Weather Today: प्रचंड गर्मी की चपेट में राजस्थान, 19 जिलों में हीटवेव की चेतावनी, जलाने को आतुर तेज धूप

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 18 May 2026: राजस्थान में प्रचंड गर्मी का दौर शुरू हो गया है। आज सोमवार 18 मई को राज्य के 19 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। जानिए आज कैसा रहेगा राजस्थान का मौसम -

Image

राजस्थान के 19 जिलों में लू का अलर्ट (AI Image)

राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 18 May 2026): राजस्थान में प्रचंड गर्मी ने अब तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मई के तीसरे हफ्ते में दिन के साथ ही रात को भी तपिश महसूस होने लगी है। मौसम विभाग (IMD) ने आज यानी सोमवार 18 और मंगलवार 19 मई के लिए राज्य के 19 जिलों में लू (Heatwave) का येलो अलर्ट जारी किया है। यानी इन 19 जिलों में दो दिन लोगों को भीषण गर्मी काफी परेशान करेगी। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के साथ ही अब उत्तरी और पूर्वी इलाकों में भी गर्मी का असर तेजी से बढ़ने लगेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

कल यानी रविवार 17 मई को राज्य के कई शहरों में तापमान 45 डिग्री के आसपास बना रहा। सबसे ज्यादा गर्मी बाड़मेर में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बीकानेर में 45 डिग्री, जैसलमेर में 44.9, फलोदी में 44.8 और चित्तौड़गढ़ में 44.6 डिग्री रहा तापमान। इसके अलावा कोटा और वनस्थली (टोंक) में 44.2, श्रीगंगानगर में 44.1, जोधपुर में 43.8 और चूरू में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।

इन शहरों में वॉर्म नाइट की स्थिति

ज्यादातर शहरों में दिन के समय तो प्रचंड गर्मी परेशान कर ही रही है, अब रातें भी लोगों को राहत नहीं दे रही हैं। हनुमानगढ़ में रविवार को न्यूनतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे गर्म रात रही। चित्तौड़गढ़ में 32.6, फलोदी में 32.2, बाड़मेर में 32 और जोधपुर में 31.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। मौसम विशेषज्ञ इन सभी शहरों में रात के तापमान को देखते हुए इस स्थिति को ‘वार्म नाइट’ की स्थिति मान रहे हैं।

राजधानी जयपुर में और चढ़ेगा पारा

राजधानी जयपुर में लगातार तीसरे दिन तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली। यहां अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शनिवार की तुलना में 1.3 डिग्री ज्यादा रहा। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिन में जयपुर के तापमान में 1 से 2 डिग्री और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है।

गर्मी के कारण उदयपुर के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों का टोटा

कोटा में भी पारा 44.2 डिग्री तक पहुंच गया। दोपहर के समय शहर की सड़कें लगभग वीरान सी नजर आ रही हैं। वहीं अजमेर, अलवर, उदयपुर, जोधपुर और सीकर में भी तेज धूप व गर्म हवाओं ने जनजीवन प्रभावित किया। उदयपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों और झीलों के बोटिंग प्वाइंट तक सूने दिखाई दिए।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि अगर कोई जरूरी कार्य न हो तो सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकलें। इसके साथ ही लोगों को सलाह दी जाती है कि अगर बाहर निकल रहे हैं तो टोपी, पगड़ी पहनकर निकलें या छाता लेकर बाहर जाएं। साथ में पानी की बोतल भी रखें। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और अन्य पेय पदार्थों का भी सेवन करते रहें। बच्चों-बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की भी सलाह दी गई है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article