Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले में 17 लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली ने गुरुवार को सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाली नक्सली की पहचान कमला सोड़ी उर्फ उंगी उर्फ तरूणा (30) के रूप में हुई है। वह भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के माड़ डिवीजन और बस्तर एमएमसी (मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ जोन) से जुड़ी हुई थी। कमला ने केसीजी जिले के पुलिस अधीक्षक के सामने आत्मसमर्पण किया।
अधिकारियों के अनुसार, कमला सोड़ी ने छत्तीसगढ़ सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति-2025 से प्रेरित होकर आत्मसमर्पण का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि सोड़ी सुकमा जिले के अरलमपल्ली गांव की रहने वाली है और वर्ष 2011 से माओवादी संगठन से जुड़ी हुई थी। वह छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र (गोंदिया जिला) और मध्य प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में नक्सली गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाती रही। अधिकारियों ने यह भी बताया कि वह प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के माड़ डिवीजन और बस्तर एमएमसी (मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ जोन) की सक्रिय सदस्य रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, कमला सोड़ी संगठन की सक्रिय सदस्य होने के साथ-साथ एमएमसी जोन प्रभारी रामदर की टीम में एक प्रमुख भूमिका निभा रही थी। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की पुलिस ने उस पर कुल 17 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। बताया गया कि वह संगठन में नई भर्ती, प्रचार कार्यों और सुरक्षा बलों पर हमले की योजनाओं में शामिल रही थी। अधिकारियों ने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने उसे ‘नक्सलवाद उन्मूलन नीति’ के तहत 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि तुरंत प्रदान की है। इसके अलावा, पुनर्वास नीति-2025 के अंतर्गत अन्य लाभ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।
(इनपुट - भाषा)
Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat