रायपुर

भ्रष्ट निकला डिस्ट्रिक्ट एजूकेशन ऑफिसर, रिश्वत लेते गिरफ्तार; लपेटे में आया रेंजर भी

छत्तीसगढ़ में जिला शिक्षा अधिकारी और रेंजर रिश्वत लेते गिरफ्तार किए गए। ब्यूरो के दल ने राज्य के सूरजपुर जिले में जिला शिक्षा अधिकारी राम ललित पटेल को एक लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।

Image

(सांकेतिक फोटो)

रायपुर: छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो के दल ने जिला शिक्षा अधिकारी और रेंजर को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बताया कि ब्यूरो के दल ने राज्य के सूरजपुर जिले में जिला शिक्षा अधिकारी राम ललित पटेल को एक लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि रामरति पब्लिक स्कूल के संचालक उज्जवल प्रताप सिंह और जिले के चार अन्य स्कूलों ने भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो में शिकायत की थी कि जिला शिक्षा अधिकारी सूरजपुर राम ललित पटेल शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत अशासकीय विद्यालयों को मिलने वाले प्रतिपूर्ति की राशि में से दो लाख रुयये की रिश्वत की मांग कर रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि ब्यूरो से शिकायत के सत्यापन के बाद स्कूल संचालकों तथा अधिकारी के मध्य 1,82,000 रुपये में सहमति बनी। उन्होंने बताया कि आज जब अधिकारी पटेल प्रार्थियों से रिश्वत की पहली किस्त ले रहा था तभी ब्यूरो के दल ने छापा मारकर पटेल को गिरफ्तार कर लिया और तलाशी में उससे दो लाख रुपये और भी बरामद किए जिसे उसने अन्य स्कूलों से रिश्वत के रूप में प्राप्त किया था।

वन विभाग का रेंजर गिरफ्तार

अधिकारियों ने बताया कि इसी तरह ब्यूरो के दल ने रायगढ़ जिले में छापा मारकर वन विभाग के रेंजर को गिरफ्तार किया है। जिले के खड़गांव निवासी बजरंग लाल सिदार ने ब्यूरो को शिकायत की थी कि उनके पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवास के निर्माण के लिए शासकीय भूमि को आवासीय भूमि में परिवर्तित करने के लिये जिलाधिकारी कार्यालय ने खरसिया के रेंजर (वन विभाग) टीपी वस्त्रकार को मौके की जांच कर रिपोर्ट देने के लिए लिखा था।

अधिकारियों ने बताया कि प्रार्थी ने रेंजर वस्त्रकार से मुलाकात की तब रेंजर ने जांच रिपोर्ट बनाने के लिए 25 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। इसके बाद प्रार्थी सिदार ने इसकी शिकायत ब्यूरो से की। आज जब प्रार्थी अधिकारी के पास 15 हजार रुपये लेकर पहुंचा तभी ब्यूरो के दल ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि दोनों अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article